Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gorakhpur Power Crisis: केबल में धमाका, 250 गांवों में आपूर्ति ठप; उपभोक्ता परेशान

    Updated: Wed, 06 Aug 2025 09:11 AM (IST)

    गोरखपुर के मानबेला और भटहट क्षेत्र में बिजली संकट गहराया। मानबेला में लाइन में खराबी से चार घंटे आपूर्ति ठप रही वहीं भटहट में केबल में पानी घुसने से धमाके के बाद 250 गांवों में बिजली गुल हो गई। उपभोक्ताओं ने अवर अभियंता पर कॉल न उठाने का आरोप लगाया जिससे उन्हें परेशानी हुई।

    Hero Image
    तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। वर्षा के बीच मानबेला और भटहट क्षेत्र में मंगलवार को बिजली का संकट रहा। मानबेला में 33 हजार की लाइन में खराबी आने से मनबेला, पत्रकारपुरम, करीमनगर आदि इलाकों में चार घंटे बिजली नहीं रही।

    भटहट क्षेत्र में केबल में पानी घुसने से धमाका के बाद 250 गांवों की आपूर्ति ठप हाे गई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि अवर अभियंता एके सिंह (मोबाइल नंबर- 9453047530) काल नहीं रिसीव करते। इस कारण बिजली कटने का कारण नहीं पता चल पाता।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मानबेला उपकेंद्र को आने वाली लाइन में सुबह सात बजे गड़बड़ी आ गई। इस कारण उपकेंद्र बंद हो गया। आरोप है कि सूचना के बाद भी सुधार कार्य में देर की गई। सुबह 10 बजे बिजली आयी तो एक घंटे बाद फिर चली गई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि रोजाना कई घंटे आपूर्ति ठप रहती है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती है।

    भटहट संवाददाता के अनुसार वर्षा का पानी घुस जाने से फर्टिलाइजर से भटहट उपकेंद्र पर आने वाली हाईटेंशन लाइन के केबल में दोपहर तकरीबन एक बजे सरैया बाजार के पास धमाका हो गया। धमाका होते ही भटहट उपकेंद्र बंद हो गया।

    केबल बदलकर तकरीबन सात घंटे बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी। आपूर्ति ठप होने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरकारी कार्यालयों में तो काम ठप हो ही गया घरों व दुकानों में भी लोग परेशान रहे। लाइनमैन चंदन झीनक, दयासागर, सोनू, राजन एवं ब्रह्मानंद यादव आपूर्ति सामान्य करने में जुटे रहे।

    उपखंड अधिकारी राम इकबाल प्रसाद ने कहा कि वर्षा के मौसम में नमी के कारण कभी-कभी केबल में फाल्ट की समस्या आ जाती है। अवर अभियंता द्वारा सीयूजी नंबर पर काल रिसीव न करने की बात पर कहा कि यह गलत है। जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। इस संबंध में अवर अभियंता से बात की जाएगी।