गोरखपुर में 'पूजा घी' की आड़ में मिलावट पर लगाम, अब पैकेट पर 'खाने के लिए नहीं' लिखना अनिवार्य
गोरखपुर में 'पूजा घी' के नाम पर बिकने वाले अखाद्य वसा उत्पादों में मिलावट की आशंका के चलते अब इनके ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रिफाइंड तेल, डालडा और सुगंध मिलाकर पूजा के घी के नाम पर अखाद्य वसा उत्पाद बेचे जाने की आशंका है। गोरखपुर में सामान्य दिनों में महीनेभर में ऐसे उत्पादों की खपत करीब 40 से 50 टन रहती है, लेकिन त्योहारों और पूजा के दौरान मांग बढ़कर लगभग 300 टन तक पहुंच जाती है।
आगरा, हाथरस और कानपुर से बड़े पैमाने पर इन उत्पादों की आपूर्ति होती है। स्थानीय स्तर पर भी इन्हें तैयार कर बाजार में खपाए जाने की चर्चा है। खाद्य घी जैसी पैकिंग और गंध के कारण इनके खाद्य इस्तेमाल का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए प्रदेश में अब अखाद्य वसा उत्पादों को ‘पूजा घी’ के नाम से बेचने पर रोक लगा दी गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डा. रोशन जैकब ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। अब पूजा, हवन और दीपक जलाने के लिए बनाए जाने वाले अखाद्य वसा उत्पादों के पैकेट पर ‘घी’ शब्द नहीं लिखा जा सकेगा। पैकेट पर काले रंग का क्रास निशान लगाने के साथ हिंदी और अंग्रेजी में ‘खाने के लिए नहीं’ लिखना भी अनिवार्य होगा।
खाद्य घी और पूजा के लिए बनाए जाने वाले अखाद्य उत्पाद एक ही ब्रांड नाम से भी नहीं बेचे जा सकेंगे। वहीं, चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष संजय सिंघानिया ने बताया कि त्योहार के दौरान करीब एक ट्रक पूजा घी की बिक्री हो जाती है। एक ट्रक में करीब 300 क्विंटल वजन होता है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 19 दिसंबर से शुरू होगा रामप्रसाद बिस्मिल बलिदान शताब्दी समारोह, तैयारियां तेज
मिलावट की आशंका, जांच से खुलेगी हकीकत
सूत्रों के अनुसार, स्थानीय स्तर पर कुछ उत्पाद रिफाइंड तेल, घी, डालडा और सुगंध मिलाकर तैयार किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इन उत्पादों में वास्तव में किन पदार्थों का इस्तेमाल हो रहा है, इसकी पुष्टि नमूनों की जांच के बाद ही हो सकेगी। खाद्य घी से मिलती-जुलती पैकिंग और गंध उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकती है।
ऐसे में आपूर्ति करने वाली इकाइयों के साथ स्थानीय निर्माण स्थलों की जांच भी जरूरी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डा. रोशन जैकब ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इस निर्देश के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग इनकी जांच की तैयारी में जुट गया है।
