Gorakhpur: तंत्र-मंत्र के लिए मौलवी ने दी सलाह, घर में खुदाई करने पर मिले शंख, घंटी और लोहे- पीतल के सामान
Gorakhpur News मौलवी के कहने पर घर में खुदाई कराया तो पुरातात्विक वस्तुएं मिलीं। इसकी सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। उधर जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने पुरातत्व विभाग को भी इसकी सूचना दी। जांच में पता चला है कि वस्तुए 18वीं ईसवी की हैं।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र में एक मुस्लिम व्यक्ति के घर में खुदाई में हिंदू धर्म से जुड़े सामान मिले हैं। जमीन की खुदाई में मिली वस्तुओं में पंचमुखी शंख, नाव की कील, घंटी सहित कई प्राचीन वस्तुएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तांत्रिक के शक के आधार पर घर में खुदाई करवाई गई थी। जमीन की खुदाई में मिली वस्तुओं की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने इसकी जानकारी पुरातत्व विभाग को देने के साथ ही वस्तुओं की जांच कराई है।
यह है पूरा मामला
भलुआन नया चौराहा स्थित नूर मोहम्मद के घर में हो रही खुदाई में कई पुरातात्विक वस्तुएं मिलीं। इसकी सूचना गगहा पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नूर मोहम्मद से पूछताछ की। इसमें पता चला की मौलवी इश्तियाक अहमद के किए गये तंत्र- मंत्र और उनके कहने पर घर की खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान ये वस्तुओं वहां मिलीं। जिसके बाद पुलिस ने मिली वस्तुओं की जानकारी पुरातत्व विभाग को दी। विभाग ने कहा कि वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी वस्तुओं को संग्रहालय में भिजवा दें।
18वीं ईसवी की हैं खोदाई में मिली वस्तुएं
पुरतत्व विभाग के अनुसार खोदाई में मिली वस्तुएं 18वीं ईसवी की हैं। खोदाई में पंचमुखी तीन शंख, एक पीतल का जग, एक फूल का बटुला, एक दर्जन नाव की कील, तीन घंटी, प्राचीन समय के सात सिक्के आदि मिले हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
बौद्ध संग्रहालय के उप निदेशक डॉ. मनोज कुमार गौतम ने बताया कि पुलिस द्वारा बताए जाने के बाद खोदाई में निकली सभी वस्तुओं की जांच की गई। जिसे देखने के बाद यह प्रतित हुआ की करीब 18वीं ईसवी की सभी वस्तुएं हैं। थाना प्रभारी को कहा गया है कि वैधानिक कार्रवाई करने के बाद सभी वस्तुओं को संग्रहालय पर भिजवा दें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।