यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गोरखपुर नया सवेरा फेस-2: लोकार्पण के बाद भी 'दीवार' खड़ी, नहीं जुड़ सका नया सवेरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़ताल सुंदरीकरण परियोजना के अंतर्गत नया सवेरा पार्ट-2 का लोकार्पण किया परन्तु फेज एक को फेज ...और पढ़ें

HighLights
- नया सवेरा फेज दो का लोकार्पण |
- फेज एक से जुड़ाव अभी अधूरा |
- अराजक तत्वों से सजावट को नुकसान |
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 जुलाई को रामगढ़ताल सुंदरीकरण परियोजना के अंतर्गत नया सवेरा पार्ट-2 का लोकार्पण किया था। लेकिन, इसके एक माह बाद भी नया सवेरा फेज एक को फेज दो से नहीं जोड़ा जा सका। जबकि, इस सुंदरीकरण परियोजना का मकसद ही नौकायन से शुरू होने वाले नया सवेरा फेज एक का देवरिया बाईपास स्थित चिड़ियाघर तक विस्तार है।
ऐसा इसलिए ताकि नौकायन से होते हुए लोग चिड़ियाघर तक न केवल ताल की खूबसूरती को बल्कि वन्य जीव का संसार भी करीब से देख सकें। इसी तरह चिड़ियाघर जाने वाले लोगों को नौकायन तक की भी खूबसूरती देखने का सहजता से मौका मिल सके।
कार्यदायी संस्था जल निगम की ओर से यह परियोजना गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) को हैंडओवर की जानी है। जल निगम का कहना है कि इस संबंध में 25 जुलाई को जीडीए को हस्तांतरण पत्र भेजा गया है।
जीडीए का कहना है कि औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जल्द ही परियोजना के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उधर, मौके पर कुछ अराजकतत्वों द्वारा लाइटें समेत सजावट के अन्य सामान तोड़ने की वजह से भी जल निगम के अधिकारियों की चिंता बढ़ी है। निगरानी के लिए उन्हें सशस्त्र गार्ड तैनात करने पड़े हैं।
यह भी पढ़ें- 'EVM से विपक्ष जीता तो पुरुषार्थ, भाजपा जीते तो बेईमानी...', गोरखपुर से बिहार चुनाव साध रहे सीएम योगी
नया सवेरा फेज-1 और फेज-2 के बीच जल निगम की ओर से संपर्क मार्ग अभी तक बंद है। जल निगम ने कार्य शुरू करने से पहले फेज एक के आखिरी छोर पर टीनशेड की चादरें लगाकर रास्ता बंद कर दिया था। कार्य पूरा हो जाने और लोकार्पण हो जाने के बावजूद इस अस्थायी दीवर को नहीं हटाया गया जिसकी वजह से नौकायन पर आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग नया सवेरा फेज दो पर नहीं जा पा रहे। यहां जाने के लिए फिलहाल जेमिनी गार्डेनिया, देवरिया बाईपास होते हुए चिड़ियाघर के बगल से होकर नया सवेरा फेज-2 तक जाना पड़ रहा है।
