Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    UP News: CM योगी आज शहर के दूसरे कल्याण मंडपम का करेंगे लोकार्पण, 10 वार्ड के लोग होंगे लाभान्वित

    Updated: Fri, 06 Jun 2025 08:37 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर में सूरजकुंड स्थित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। 4.52 करोड़ की लागत से बने इस मंडपम से आस-पास के दस वार्डों के लोगों को लाभ होगा। लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री एक जनसभा को संबोधित करेंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले निगम कर्मचारियों को सम्मानित भी करेंगे। वे महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का भी निरीक्षण कर सकते हैं।

    Hero Image
    जनसभा को संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री, निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों को सम्मानित भी करेंगे। जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को नगर निगम की ओर से सूरजकुंड में बनाए गए महानगर के दूसरे कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह जनसभा को संबोधित करने के साथ ही लोकार्पण समाराेह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों को सम्मानित भी करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सूरजकुंड में 04.52 करोड़ रुपये की लागत से बने इस कल्याण मंडपम से आस-पास के दस वार्ड के लोग लाभान्वित होंगे। गरीब और जरूरतमंद परिवार बेहद कम खर्च में यहां मांगलिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सकेंगे तो वहीं निगम को भी आय होगी।

    मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे सूरजकुंड पहुंचेंगे। कल्याण मंडपम का निरीक्षण करने के बाद वह लोकार्पण समारोह में मौजूद जनमानस को संबाेधित करेंगे। गुरुवार को नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कल्याण मंडपम का निरीक्षण कर अपनी मौजूदगी में तैयारियों को अंतिम रूप दिलाया।

    समारोह में निगम प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों और सभी पूर्व महापौर के साथ ही नगर निगम के सभी पार्षदों को भी आमंत्रित किया है। इससे पूर्व निगम की ओर से खोराबार में एक कल्याण मंडपम का निर्माण कराया जा चुका है। इसका भी लोकार्पण मुख्यमंत्री ने ही किया था। इन दो के अलावा महानगर के मानबेला, मोहरीपुर, राप्तीनगर, बिछिया और नकहा में भी कल्याण मंडपम का निर्माण चल रहा है। जल्द ही इनके भी पूरा हो जाने की उम्मीद है।

    एक साथ हो सकेंगे दो मांगलिक आयोजन

    15वें वित्त आयोग के बजट से नगर निगम ने सूरजकुंड में 4.52 करोड़ रुपये की लागत से कल्याण मंडपम का निर्माण कराया है। करीब 35,500 वर्ग फीट एरिया में बने इस कल्याण मंडपम में एक साथ दो मांगलिक कार्यक्रम आयोजित हो सकेंगे। यहां वातानुकूलित बड़ा हाल, किचेन, पार्किंग, पांच वातानुकूलित कमरे, डारमेट्री के साथ-साथ स्नानघर, शौचालय की सुविधा मौजूद है।

    आयुष विश्वविद्यालय का भी निरीक्षण कर सकते हैं सीएम

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संभावित आगमन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का भी निरीक्षण कर सकते हैं। इस विश्वविद्यालय का लोकार्पण राष्ट्रपति के हाथों 30 जून को प्रस्तावित है।

    मुख्यमंत्री के यहां दोपहर बाद पहुंचने की उम्मीद है। भटहट के पिपरी में 52 एकड़ में निर्माणाधीन आयुष विश्वविद्यालय की लागत 267.50 करोड़ रुपये है। इसके अलावा मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग की ओर से जय प्रकाश नारायण चौक (असुरन चौक) के सुंदरीकरण एवं लोक नायक जय प्रकाश नारायण की प्रतिमा का अनावरण भी कर सकते हैं।