Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP News: गोरखपुर में विकास कार्यों की समीक्षा, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश, बोले- शहर में नहीं होना चाहिए जलभराव

    Updated: Wed, 18 Jun 2025 08:19 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जलभराव रोकने साफ-सफाई सुनिश्चित करने और बाढ़ बचाव की तैयारियों को पूरा करन ...और पढ़ें

    Hero Image
    विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी हिदायत। जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिदायत दी है कि किसी भी दशा में शहर में जलभराव नहीं होना चाहिए। जहां नाला निर्माणाधीन है और काम बाकी है, वहां पानी निकालने के लिए फिलहाल कच्चा नाला तैयार कर लिया जाए। कहीं पर भी पानी नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने गोड़धोइया नाला की प्रगति के बारे में जानकारी ली। नगर निगम और जल निगम ने पानी निकासी के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में उन्हें बताया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने शाम को गोरखनाथ मंदिर में विकास कार्यों के साथ कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की और कई जरूरी दिशा निर्देश दिए। बाढ़ बचाव की तैयारियों की जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने तटबंधों पर हो रहे कार्यों के बारे में पूछा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 38 कार्यों में से 24 पूरे कर लिए गए हैं। बाकी बचे कार्य भी जल्द पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से उनके विभागों की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

    मुख्यमंत्री ने नगर निगम और जीडीए को निर्देशित किया कि साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी नहीं होनी चाहिए। नियमित रूप से साफ-सफाई जरूर की जाए। उन्होंने गीडा, जीडीए व नगर निगम की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही विरासत गलियारा की प्रगति पूछी।

    आयुष विवि के निर्माण में लापरवाही पर जताई नाराजगी

    मुख्यमंत्री ने 30 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर चल रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पिपरी स्थित आयुष विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। समय से काम पूरा न होने पर उन्होंने नाराजगी भी जताई। कहा कि ऐसी फर्मों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से निगरानी करें।

    लिंक एक्सप्रेसवे के लोकार्पण की तैयारी जांची

    मुख्यमंत्री ने 20 जून को प्रस्तावित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के लोकार्पण की तैयारी को लेकर भी जानकारी ली। । उन्होंने कहा कि जनसभा स्थल पर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए पर्याप्त होर्डिंग बैनर लगाए जाएं। उन्होंने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम की तैयारी के बारे में पूछा। साथ ही निर्देश दिए कि योग दिवस को भव्य बनाया जाए। अधिक से अधिक लोगों को योग कार्यक्रमों में सहभागी बनाएं।

    ठेले-खोमचे वालों का कराएं सत्यापन, नई झुग्गी-झोपड़ी न बसने देंकानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़कों पर जाम की स्थिति न होनी चाहिए। सड़क किनारे लगने वाले ठेले-खोमचे वालों का भी सत्यापन कराया जाए।

    उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे नई झुग्गी-झोपड़ी न बसने पाए, इसपर नजर रखें और प्रभावी कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को समय से पूरा किया जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के इंतजाम करने को कहा।

    बर्ड फ्लू के बारे में ली जानकारी

    मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक और वन विभाग के अधिकारियों से चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू के बारे में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि जानवरों की रिपोर्ट अब निगेटिव आ रही है। जल्द ही चिड़ियाघर को खोलने पर विचार किया जाएगा।