Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में भाजपा विधायक के भाई ने सीएम पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, तीन थानों में केस

    Updated: Sun, 31 Aug 2025 08:39 AM (IST)

    गोरखपुर में मुख्यमंत्री पर फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में ईंट भट्ठा मालिक भोलेंद्र पाल सिंह के खिलाफ तीन थानों में मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह ने इस घटना से अपना संबंध होने से इनकार किया है। यह मामला स्व. केदार सिंह के आवास परिसर को खाली कराने के बाद गर्माया जिसके बाद सैंथवार नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था।

    Hero Image
    फेसबुक आइडी से मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी। जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सैंथवार नेता व पूर्व विधायक स्व. केदार सिंह के नाम पर गरमाई राजनीति ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया। पिपराइच से भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह के छोटे भाई भोलेंद्र पाल सिंह की फेसबुक आइडी से मुख्यमंत्री, उनके ओएसडी और ग्रामीण से भाजपा विधायक विपिन सिंह पर अशोभनीय टिप्पणी की गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जाति विशेष को लेकर किया गया पोस्ट जैसे ही इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, राजनीतिक गलियारे में हलचल मच गई। पोस्ट को तो आनन फानन हटा दिया गया, लेकिन तब तक कई लोग इसका स्क्रीनशाट ले चुके थे।

    पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों पर तीन थानों में भोलेंद्र पाल सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा विधायक ने घटनाक्रम से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि मेरा उनसे और इस प्रकरण से कोई वास्ता नहीं है। कानून सभी के लिए समान है। भोलेंद्र सिंह, ईंट भट्ठा मालिक हैं और गुलरिहा के जमुनारा, महराजगंज में रहते हैं।

    शहर के पाश इलाके गोलघर में स्थित स्व. केदार सिंह के हाता (आवास परिसर) को प्रशासन ने बीते दिनों पुलिस बल की मदद से खाली कराया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई थी। अखिल भारतीय सैंथवार-मल्ल महासभा के लोग इस जमीन पर केदार सिंह का स्मारक बनाने की मांग कर रहे थे।

    संपत्ति निजी होने की वजह से इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर सभी दलों के सैंथवार नेताओं ने सड़क पर उतरकर पुलिस-प्रशासन का विरोध किया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा था। यद्यपि, शाम को सभी को रिहा कर दिया गया।

    इस घटना के बाद से ही चर्चाओं का बाजार गर्म था। इसी बीच भोलेंद्र पाल सिंह के फेसबुक पोस्ट ने मामले को तूल दे दिया। पुलिस मीडिया सेल में तैनात आरक्षी रामबोध ने 29 अगस्त की रात साइबर थाना में तहरीर दी।

    लिखा कि फेसबुक पर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र, अशोभनीय और आपत्तिजनक पोस्ट देखा गया। जो भोलेंद्र पाल सिंह की आइडी से प्रसारित हुआ था। इस आधार पर दुर्भावनापूर्ण इरादे से बयान देने व आइटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

    पिपराइच थाना क्षेत्र के बेलवा चौराहा निवासी गंगेश तिवारी ने पिपराइच थाने में मुकदमा दर्ज कराया। गंगेश तिवारी ने लिखा है कि इस पोस्ट से जनाक्रोश बढ़ा है और जातीय समुदायों में तनाव फैलने की आशंका है।

    रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के भरवलिया बुजुर्ग निवासी सामाजिक कार्यकर्ता संजीव त्रिपाठी ने भी शिकायत की, जिस पर रामगढ़ताल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

    भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि ऐसी किसी टिप्पणी से मेरा कोई वास्ता नहीं है। भोलेंद्र सिंह और हमारा परिवार 20 वर्ष से अलग रह रहे हैं। कानून सभी के लिए समान है।