Gorakhpur News: 50 हजार के इनामी हत्यारोपित को बेंगलुरु की क्राइम ब्रांच ने दबोचा, दोस्त की हत्याकर हुआ था फरार
गोरखपुर के एक युवक जो बेंगलुरु में काम करता था की 18 जून को हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी वीरेंद्र यादव जो मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार था को बेंगलुरु पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सिकरीगंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बेंगलुरु में पेंट-पालिश का काम करने वाले गोरखपुर के युवक की 18 जून को हत्या कर दी गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपित वीरेंद्र यादव को बेंगलुरु पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार की दोपहर सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अभौली गांव से गिरफ्तार कर लिया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मूल रूप से सिकरीगंज के अभौली गांव का निवासी वीरेंद्र यादव बेंगलुरु में अपने साथी बेलीपार के अरुण और सिकरीगंज के सतीश संग रहता था। बेलीपार के जूडापुर गांव का रहने वाला शैलेश यादव भी इन लोगों के साथ पेंट-पालिश का काम करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि शैलेश ने वीरेंद्र को एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी राज को छिपाने और पुरानी रंजिश के चलते तीनों ने मिलकर उसकी सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी और पूरे मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर शैलेश के भाई शशिभूषण यादव ने बेंगलुरु के बंदेपल्या थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में अरुण को महाराष्ट्र से और सतीश को बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपित वीरेंद्र तब से फरार चल रहा था।
हाल ही में शैलेश के परिजनों को वीरेंद्र की लोकेशन सिकरीगंज क्षेत्र में होने की सूचना मिली। उन्होंने यह जानकारी बेंगलुरु पुलिस को दी। इसके बाद बेंगलुरु से पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम यहां पहुंची।स्वजन की मदद से शुक्रवार दोपहर अभौली गांव के पास से वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे लेकर बेंगलुरु रवाना हो गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।