विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर म्युनिसिपल बांड: 80 करोड़ जुटाने की तैयारी, सीएम योगी बजा सकते हैं ओपनिंग बेल

Published: Sun, 11 Oct 2026 11:46 AM (IST)

गोरखपुर नगर निगम का 80 करोड़ रुपये का म्युनिसिपल बांड जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिसके दस्तावेज ...और पढ़ें

गोलघर में प्रस्तावित बहुमंजिला व्यावसायिक एवं आवासीय कांप्लेक्सl सौ: नगर निगम

गोलघर में प्रस्तावित बहुमंजिला व्यावसायिक एवं आवासीय कांप्लेक्सl सौ: नगर निगम 

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नगर निगम के 80 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बांड जारी करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। निगम की ओर से भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) में सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए गए हैं। अब सेबी स्तर पर इनकी जांच चल रही है, जो इसी महीने के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है। जांच में कोई कमी मिलने पर निगम उसे दूर कर संशोधित दस्तावेज जमा करेगा। इसके बाद बांड जारी करने और धनराशि जुटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। सब कुछ तय समय के अनुसार रहा तो नवंबर में नगर निगम के खाते में 80 करोड़ रुपये पहुंच सकते हैं।

गोरखपुर के म्युनिसिपल बांड से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण तैयारी चल रही है। नगर निगम के लेखाधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि गोरखपुर और मुरादाबाद के बांड की लिस्टिंग से संबंधित कार्यक्रम गोरखपुर में आयोजित किए जाने की संभावना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के शामिल होने और उनके हाथों ओपनिंग बेल बजाए जाने की तैयारी है।

म्युनिसिपल बांड जारी करने के लिए नगर निगम ने वित्तीय स्थिति, प्रस्तावित परियोजनाओं और निर्धारित मानकों से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर दस्तावेज सेबी को सौंपे हैं। सेबी की जांच पूरी होने के बाद बांड की लिस्टिंग और निवेशकों से धन जुटाने की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। नगर निगम के अधिकारी सभी औपचारिकताएं समय से पूरी कराने में जुटे हैं, ताकि प्रस्तावित विकास परियोजना के लिए जल्द धनराशि उपलब्ध हो सके।

गोलघर के जलकल परिसर में बनेगा बहुमंजिला कांप्लेक्स
म्युनिसिपल बांड से जुटाई जाने वाली 80 करोड़ रुपये की धनराशि से गोलघर स्थित जलकल परिसर में प्रस्तावित बहुमंजिला व्यावसायिक एवं आवासीय कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में बनने वाली इस परियोजना में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जगह उपलब्ध कराने के साथ नगर निगम की आय बढ़ाने की योजना है।

नगर निगम अपनी संपत्तियों का बेहतर उपयोग कर नियमित आय के नए स्रोत विकसित करना चाहता है। कांप्लेक्स के निर्माण से व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और निगम को भविष्य में विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होने की उम्मीद है।

पूंजी बाजार से धन जुटाने की पहल

म्युनिसिपल बांड के माध्यम से नगर निगम विकास परियोजनाओं के लिए पूंजी बाजार से धन जुटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है। इससे विकास कार्यों के लिए केवल परंपरागत बजट पर निर्भरता कम करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना भी जरूरी होगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 'पूजा घी' की आड़ में मिलावट पर लगाम, अब पैकेट पर 'खाने के लिए नहीं' लिखना अनिवार्य


नगर निगम की ओर से बांड के लिए क्रेडिट रेटिंग की प्रक्रिया भी पूरी कराई जा चुकी है। अब सेबी की जांच और उसके बाद की औपचारिकताएं पूरी होनी हैं। इन चरणों के पूरा होने पर लिस्टिंग की तारीख तय होगी और धनराशि मिलने का रास्ता साफ होगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के रामगढ़ताल पर बिखरा करिश्मा कपूर की खूबसूरती का 'करिश्मा', तस्वीरें वायरल