विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में प्रतिबंधित मांझे ने छीना बुढ़ापे का सहारा, अस्पताल में पत्नी की चीत्कार; पिता बेसुध

Published: Sun, 11 Oct 2026 07:31 AM (IST)

गोरखपुर में प्रतिबंधित मांझे की धार से रमेश की मौत के बाद अस्पताल में उनकी पत्नी पूर्णिमा और परिवार का ...और पढ़ें

रोते बिलखते परिजन व इनसेट में मृतक। जागरण

रोते बिलखते परिजन व इनसेट में मृतक। जागरण

HighLights

  1. रमेश की प्रतिबंधित मांझे से हुई दुखद मौत।

  2. पत्नी पूर्णिमा और बच्चों का गहरा सदमा।

  3. परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया, मातम।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अस्पताल में पत्नी पूर्णिमा की चीत्कार गूंज रही थी। आसपास खड़े लोग उसे देखकर अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे। किसी की आंखें नम थीं तो कोई परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहा था। पिता फकीरे कन्नौजिया बेसुध बैठे थे।

चेहरे पर ऐसा दुख था, मानो जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा अचानक छिन गया हो। जिस बेटे के भरोसे बुढ़ापे की गाड़ी आगे बढ़ रही थी, उसके हमेशा के लिए चले जाने की खबर ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया था।

पूर्णिमा की आंखों के सामने कभी पति का चेहरा आता तो कभी बच्चों का भविष्य। जिस घर में कुछ देर पहले तक जिंदगी की सामान्य हलचल रही होगी, वहां अब हर तरफ गम का अंधेरा था। रमेश की 11 वर्षीय बेटी अपर्णा और सात साल का बेटा आर्यन शायद अभी यह भी नहीं समझ पा रहे होंगे कि उनके जीवन में कितनी बड़ी रिक्तता आ गई है।

रमेश अपने माता-पिता की देखभाल भी करते थे। घसीकटरा स्थित दूसरे मकान में रहने वाले फकीरे कन्नौजिया और मुन्नी देवी के लिए बेटा ही सबसे बड़ा सहारा था। बेटे के जाने से उनका पूरा संसार ही उजड़ गया।

यह भी पढ़ें- हवा में तैरते 'प्रतिबंधित मांझे' ने ली युवक की जान, गोरखपुर में दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पिता की बेसुध खामोशी और परिवार के सदस्यों का विलाप उस पीड़ा को बयां कर रहा था। प्रतिबंधित मांझे की धार से लगी चोट केवल रमेश के शरीर पर नहीं लगी, उसने पूरे परिवार के भविष्य पर गहरा घाव कर दिया। अस्पताल में गूंजती सिसकियां यही सवाल छोड़ रही थीं।

यह भी पढ़ें- 308 पहियों वाले ट्रक ने गोरखपुर में भरी रफ्तार, तेनुआ टोल प्लाजा किया पार, पुलिस संभालती रही भीड़