308 पहियों वाले ट्रक ने गोरखपुर में भरी रफ्तार, तेनुआ टोल प्लाजा किया पार, पुलिस संभालती रही भीड़
गोरखपुर में 308 पहियों वाला 200 टन वजनी बॉयलर ले जा रहा विशालकाय ट्रक तेनुआ टोल प्लाजा पार कर गया, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

बेलीपार से बाघागाढ़ा की ओर आता 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
HighLights
200 टन बॉयलर, 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक।
तेनुआ टोल प्लाजा पार, लोगों की भीड़, पुलिस ने रास्ता खाली कराया।
बॉयलर लखीमपुर खीरी की सबसे बड़ी चीनी मिल के लिए।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दो सौ टन वजनी बॉयलर लेकर 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक तेनुआ टोल प्लाजा पार कर गया है। शनिवार दोपहर पर महाबली टोल प्लाजा पहुंचा तो पहले से ही सैकड़ों लोग उसे देखने के लिए खड़े थे। कोई वीडियो बना रहा था तो कोई सेल्फी लेने के साथ ही इंटरनेट मीडिया पर इसे अद्भुत क्षण बताते हुए पोस्ट प्रसारित कर रहा था। सावधानीपूर्वक जब मल्टी एक्सल ट्रेलर टोल प्लाजा पार कर आगे बढ़ा तो लोगों ने खूब तालियां बजाईं।
200 टन वजनी वेसल लादकर आया ट्रक शुक्रवार शाम बेलीपार थाना के पास पहुंचा था। शनिवार सुबह आठ बजे पुलिस की सुरक्षा में इसे बेलीपार से भेजा गया। बेलीपार के बाद गीडा थाना क्षेत्र में बॉयलर पहुंचा। यहां पुलिसकर्मियों ने रास्ता खाली कराया। तेनुआ टोल प्लाजा के आगे सड़क किनारे इसे खड़ा करा दिया गया है। रविवार को इसके यहां से आगे बढ़ने की संभावना है।
पहले से ही हो गई थी तैयारी
तेनुआ टोल प्लाजा पर कोई दिक्कत न हो इसके लिए पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गई थी। टोल प्लाजा के एक लेन को पूरी तरह व्यवस्थित कराया गया। जहां सड़क कमजोर थी, उसे सही कराया गया। आगे चल रहे पायलट वाहन पूरी मुस्तैदी से महाबली ट्रक को निकालने में मदद करते रहे।
सौ फीट है लंबाई
बॉयलर की ऊंचाई आठ मीटर और चौड़ाई सात मीटर और लंबाई सौ मीटर है। बेल्जियम में बना यह बॉयलर 308 पहियों वाले ट्रेलर पर लादकर लाया जा रहा है। यह मशीन लखीमपुर खीरी स्थित बलरामपुर चीनी मिल्स के बन रहे एशिया के सबसे बड़े शुगर मिल प्लांट में लगाई जानी है।
जीवन में इतने पहिए वाला ट्रक नहीं देखा
महानगर के राप्तीनगर से ट्रेलर देखने पहुंचे राजीव जायसवाल ने कहा कि मैंने जीवन में इतना लंबा और इतने पहिए वाला ट्रक आज तक नहीं देखा है। मैंने सेल्फी ली और वीडियो भी बनाया हूं। इसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल करूंगा। नौसढ़ निवासी दिनेश नागवंशी ने कहा कि इतनी बड़ी मशीन को सड़क मार्ग से गंतव्य तक पहुंचाना आपने-आप में ही बड़ा काम है।
