गोरखपुर में शराब की दुकान पर नकली नोट चलाते ही खुल गई पोल, तलाशी में मिले 39,800 रुपये
गोरखपुर में एक व्यक्ति को शराब की दुकान पर 500 रुपये का नकली नोट चलाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी विनोद कुमार चौरसिया के पास से कुल 39,800 रुपये बरामद किए, जिसमें एक नकली नोट शामिल था, और मामले की जांच कर रही है।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण
HighLights
गोरखपुर में शराब की दुकान पर नकली नोट चलाने का प्रयास।
आरोपी विनोद चौरसिया के पास से एक नकली 500 का नोट मिला।
पुलिस नकली नोट के स्रोत और नेटवर्क की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शराब की दुकान पर 500 रुपये का नकली नोट चलाने पहुंचे दुकानदार को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 39,800 रुपये मिले, जिनमें 500 रुपये का एक नोट नकली पाया गया।
सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने अनुज्ञापी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट दुकानदार के पास कहां से आया और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है।
रामगढ़ताल क्षेत्र के सिद्धार्थ एन्क्लेव निवासी निलेश कुमार सिंह की ट्रांसपोर्ट नगर में पिलर नंबर 11 के सामने कम्पोजिट शराब की दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले दुकान पर 500-500 रुपये के दो नकली नोट मिले थे। बिक्री की रकम बैंक में जमा कराने के लिए भेजी गई तो इसकी जानकारी हुई।
इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को सतर्क रहने और नोटों की जांच के बाद ही लेनदेन करने का निर्देश दिया था। आरोप है कि 26 नवंबर की रात करीब 8:50 बजे एक युवक शराब खरीदने पहुंचा। उसके व्यवहार और नोटों को लेकर कर्मचारियों को शक हुआ। इस पर दुकानदार और कर्मचारियों ने उसे रोककर पूछताछ की।
युवक ने अपनी पहचान बेलीपार क्षेत्र के भौवापार निवासी विनोद कुमार चौरसिया के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 39,800 रुपये मिले। इनमें 500 रुपये का एक नोट नकली पाया गया। नोट का नंबर 9SP794928 बताया गया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में स्कूल वैन चालक ने चार साल की बच्ची को किया बैड टच, पुलिस ने किया गिरफ्तार
इसके बाद दुकानदार आरोपी और बरामद रकम के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि आरोपित कपड़े की दुकान चलाता है। नकली नोट कहां से आया, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इससे पहले दुकान पर मिले दो नकली नोटों का इस मामले से कोई संबंध है या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां भी पूछताछ कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 250 करोड़ रुपये से बनेगा अत्याधुनिक फिश फीड प्लांट, 500 युवाओं को मिलेगा रोजगार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।