विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में 250 करोड़ रुपये से बनेगा अत्याधुनिक फिश फीड प्लांट, 500 युवाओं को मिलेगा रोजगार

Published: Sat, 28 Nov 2026 05:42 PM (IST)

गोरखपुर के गीडा सेक्टर-27 में 250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट स्थापित होगा, जिससे 500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गीडा सेक्टर-27 में 250 करोड़ का फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट।

  2. दीपक नेक्सजेन फीड्स लगाएगी, 500 से अधिक युवाओं को रोजगार।

  3. उच्च प्रोटीन युक्त फिश फीड से मत्स्य पालन और आय बढ़ेगी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गीडा के सेक्टर-27 में 250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट स्थापित किया जाएगा। दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से लगाई जाने वाली इस इकाई से 500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में रविवार को परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान होगा।

परियोजना दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में लगभग 150 करोड़ और दूसरे चरण में 100 करोड़ रुपये का निवेश होगा। संयंत्र में आधुनिक तकनीक से उच्च प्रोटीन युक्त फ्लोटिंग फिश फीड बनाया जाएगा। इससे मछलियों के पोषण और उत्पादकता में सुधार के साथ मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

संयंत्र उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तर और पूर्वी भारत के बाजारों की मांग पूरी करेगा। पड़ोसी देशों में निर्यात की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। इससे औद्योगिक विकास और मत्स्य आहार निर्माण से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

1,020 करोड़ रुपये का मिला था निवेश प्रस्ताव

मत्स्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फरवरी 2025 में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मीन महोत्सव के दौरान मत्स्य क्षेत्र में लगभग 1,020 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। इन्हें धरातल पर उतारने की दिशा में काम हो रहा है और कई अन्य परियोजनाएं प्रक्रियाधीन हैं। परियोजना को आगे बढ़ाने में मत्स्य मंत्री संजय निषाद और अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उपनिदेशक मत्स्य बृजेश कुमार ने बताया कि अधिकांश फीड कंपनियां दक्षिण भारत में स्थापित हैं। इस संयंत्र के शुरू होने से पूर्वांचल में सुविधा बढ़ेगी और 500 से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा।

यह भी पढ़ें- मिनी नंदिनी योजना: दुधारू पशुओं के लिए सरकार दे रही 90% तक सब्सिडी, दो साल में तैयार हो जाएगा नवजात बछड़ा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।