मिनी नंदिनी योजना: गाय-भैंस समेत दुधारू पशुओं के लिए सरकार दे रही सब्सिडी, दो साल में तैयार हो जाएगा नवजात बछड़ा
पशुपालन को लाभदायक बनाने के लिए पशुओं की उचित देखभाल, टीकाकरण और उन्नत नस्लों को अपनाना आवश्यक है।

ग्राम बेल खुर्द में गौ पूजन करते ग्राम प्रधान व पशु चिकित्सक। फोटो जागरण
HighLights
नवजात बछड़ों की सही परवरिश से पशुपालक आय बढ़ाएं।
पशुधन बीमा, मिनी नंदिनी योजनाओं पर 50% तक अनुदान।
पशु आरोग्य मेले में 85 पशुपालकों के 658 पशुओं का उपचार।
संवादसूत्र, लखीमपुर। पशुपालन को मुनाफे का कारोबार बनाने के लिए पशुओं की बेहतर देखभाल, समय पर टीकाकरण और उन्नत नस्लों को अपनाना जरूरी है। नवजात बछड़ों की सही परवरिश से उन्हें महज दो वर्ष में बेहतर विकसित कर पशुपालक अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। यह जानकारी ग्राम बेल खुर्द में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले में पशु चिकित्सकों ने दी।
पशु चिकित्सालय नकहा की ओर से आयोजित मेले का शुभारंभ ग्राम प्रधान संदीप कुमार वर्मा ने गो पूजन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
ईसानगर के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि नवजात बछड़ों को समय से कृमिनाशक दवा, खनिज मिश्रण, हरा चारा और संतुलित पशु आहार देने से उनका बेहतर विकास होता है। उन्होंने दुधारू पशुओं में थनैला रोग के लक्षण और बचाव की जानकारी भी दी।
खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण
उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने पशुधन बीमा योजना के बारे में बताया कि इसमें पशुपालकों को 90 प्रतिशत तक अनुदान मिलता है। उन्होंने गलाघोंटू और खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए टीकाकरण की आवश्यकता बताई।
नकहा के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने देसी गोवंश संवर्धन, प्रगतिशील पशुपालक, मिनी नंदिनी और नंदिनी कृषक योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि विभिन्न योजनाओं में 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
शिविर में 85 पशुपालकों के 658 गाय, भैंस और बकरियों का उपचार किया गया। इनमें कृमिनाशक दवा पिलाने, गर्भ परीक्षण, सामान्य चिकित्सा और बधियाकरण की सेवाएं शामिल रहीं। इस दौरान पशुधन प्रसार अधिकारी संजीव कुमार तिवारी, दर्शन सिंह राना, राजेश प्रसाद, श्रीप्रकाश सहित पशुमित्र और बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।