गोरखपुर में स्कूल वैन चालक ने चार साल की बच्ची को किया बैड टच, पुलिस ने किया गिरफ्तार
गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में एक स्कूल वैन चालक ने चार वर्षीय बच्ची को बैड टच किया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान कर उसे छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
शाहपुर में चार वर्षीय बच्ची से वैन चालक ने की छेड़खानी।
बच्ची ने मां को बताया, परिवार की शिकायत पर हुई कार्रवाई।
पुलिस ने सीसीटीवी से पहचान कर आरोपी को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शाहपुर क्षेत्र के एक स्कूल में चार वर्षीय बच्ची को वैन चालक ने बैड टच किया। छुट्टी के बाद घर जाने के लिए पहुंची बच्ची के साथ यह घटना हुई। बच्ची रोने लगी तो आरोपित ने उसे डराकर चुप करा दिया। घर पहुंचने पर उसने मां को पूरी बात बताई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दोपहर दो बजे के करीब बच्ची घर पहुंची तो अपनी मां को घटना के बारे में बताया। यह सुनकर मां के होश उड़ गए। उसने पति के साथ ही अपने रिश्तेदारों काे घटना की जानकारी दी। अपराह्न तीन बजे परिवार के लोग जेल रोड चौकी पर पहुंचे। प्रभारी को मामले की जानकारी देने के साथ ही आरोपित को पकड़ने के लिए कहा।
बच्ची से हुलिया पूछने के बाद शाहपुर थाना पुलिस ने स्कूल पहुंचकर सीसी कैमरा फुटेज चेक किया तो आरोपित की पहचान हुई। इसके बाद छेड़खानी व पाक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध छेड़खानी और पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
शाहपुर क्षेत्र में स्कूली वैन चालक की ओर से छात्रा के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का मामला पहले भी सामने आ चुका है। उस मामले में भी पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। बच्चियों की सुरक्षा को लेकर परिवार के लोग सहमे हुए हैं और स्कूल भेजने को लेकर भी चिंतित हैं।
घटना ने बढ़ाई अभिभावकों की चिंता
स्कूल में बच्चियां कितनी सुरक्षित हैं, यह सवाल एक बार फिर अभिभावकों को परेशान कर रहा है। चार साल की बच्ची के साथ बैड टच की घटना ने परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। अभिभावकों का डर है कि जिन चालकों और कर्मचारियों के भरोसे वे बच्चों को स्कूल भेजते हैं, उनकी पृष्ठभूमि और व्यवहार की निगरानी कितनी होती है। बच्चियां अपनी परेशानी हर बार बता भी नहीं पातीं। ऐसे में स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और बच्चों की सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।