तैयार हो जाइए... गोरखपुर महोत्सव में कौन-कौन बिखेरेगा जलवा? कलाकारों के नामों पर मंथन तेज
गोरखपुर महोत्सव के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन पर मंथन ...और पढ़ें

गोरखपुर महोत्सव की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
गोरखपुर महोत्सव की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर तेज हो गई हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन पर मंथन जारी है।
शिल्प मेले के लिए देश भर से शिल्पकारों को बुलाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। आयोजन की रूपरेखा तय करने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन की दिशा में भी मंथन शुरू हो गया है। पर्यटन विभाग आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए जल्द ही निविदा आमंत्रित करने की तैयारी में है। इस संबंध में कमिश्नर ने 18 नवंबर को बैठक बुलाई है। बैठक में कार्यक्रमों के स्वरूप से लेकर कलाकारों, शिल्पकारों और आयोजन की व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी।
महोत्सव के तीनों दिनों को अलग-अलग सांस्कृतिक रंग देने की तैयारी है। परंपरा के अनुसार पहले और तीसरे दिन बालीवुड नाइट तथा दूसरे दिन भोजपुरी नाइट का आयोजन होता है। ऐसे में इस बार इन तीनों प्रस्तुतियों के लिए किन कलाकारों को आमंत्रित किया जाए, इस पर चर्चा शुरू हो गई है। कलाकारों के नामों को लेकर आयोजन समिति की बैठक में विचार-विमर्श होगा। इसके बाद चयन और आमंत्रण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
महोत्सव के साथ आयोजित होने वाला सात दिवसीय शिल्प मेला भी तैयारियों के केंद्र में है। मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से शिल्पकारों को आमंत्रित किया जाता है। इस बार आमंत्रित किए जाने वाले शिल्पकारों की सूची नए सिरे से तैयार की जा रही है। इसमें पारंपरिक हस्तशिल्प और विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट कलाओं को स्थान देने पर जोर रहेगा। शिल्प मेले के स्टाल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी निविदा प्रक्रिया में प्रावधान किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- रेलवे बोर्ड का बड़ा एक्शन: बिना पात्रता के राशन ले रहे 1.82 लाख कर्मचारी, अब होगा सत्यापन
निविदा के बाद बढ़ेगी तैयारी की रफ्तार
पर्यटन विभाग ने आयोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए निविदा आमंत्रित करने की तैयारी शुरू कर दी है। 18 नवंबर की बैठक में आयोजन का प्रारूप तय होने के बाद व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। उसके बाद तैयारी की रफ्तार और तेज हो जाएगी। महोत्सव परंपरागत रूप से रह वर्ष 11, 12 और 13 जनवरी को आयोजित होता है। ऐसे में प्रशासन के सामने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शिल्प मेले की तैयारियां समय से पूरी करने की चुनौती रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।