गोरखपुर: रोटावेटर में फंसकर मजदूर की मौत, शव लेकर भाग रहा चालक गिरफ्तार
संतकबीरनगर के एक मजदूर की रोटावेटर में फंसकर दर्दनाक मौत हो गई, जब वह खेत की जुताई करा रहे थे। हादसे के बाद चालक शव सहित ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने गोरखपुर-संतकबीरनगर सीमा पर पकड़ लिया।

HighLights
मजदूर पूर्णमासी कन्नौजिया की रोटावेटर में फंसकर हुई मौत।
चालक गिरीश चंद निषाद शव सहित ट्रैक्टर लेकर भागा।
सहजनवा पुलिस ने गोरखपुर-संतकबीरनगर सीमा पर पकड़ा।
संवाद सूत्र, घघसरा, (गोरखपुर)। संतकबीरनगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के घुरापाली गांव निवासी मजदूर पूर्णमासी कन्नौजिया की रविवार रात रोटावेटर में फंसकर दर्दनाक मौत हो गई। वह गांव के सीवान में राकेश तिवारी के खेत की जुताई करा रहे थे। हादसे के बाद चालक शव को रोटावेटर में फंसी हालत में लेकर ट्रैक्टर सहित भागने लगा।
सूचना मिलने पर सहजनवा पुलिस ने गोरखपुर-संतकबीरनगर सीमा के पास माड़र गांव के सीवान स्थित मदरहा रेगुलेटर के पास उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूर्णमासी रविवार रात 8:30 बजे राकेश तिवारी के खेत में रोटावेटर से जुताई करा रहे थे। आरोप है कि रोटावेटर खेत की पर्याप्त गहराई तक जुताई नहीं कर पा रहा था। ऐसे में बेहतर जुताई के लिए पूर्णमासी रोटावेटर पर बैठ गए। इसी दौरान ट्रैक्टर की रफ्तार और झटके से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर रोटावेटर में फंस गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उनका शव रोटावेटर में ही फंसा रहा।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गिरीश चंद निषाद ने स्वजन को सूचना देने के बजाय शव सहित ट्रैक्टर लेकर वहां से भागने की कोशिश की। वह गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के भक्सा-माड़र सीवान की ओर पहुंचा। इसी दौरान मदरहा रेगुलेटर के पास ट्रैक्टर पलट गया। खून से सने ट्रैक्टर और रोटावेटर में फंसे शव को देखकर किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सपा का 'दांव', कांग्रेस को थमाई खजनी, बांसगांव पर पेंच!
सहजनवा थाना एसएसआइ बलराम पांडेय ने बताया कि मृतक की पहचान घुरापाली निवासी पूर्णमासी कन्नौजिया के रूप में हुई है। ट्रैक्टर चालक गिरीश चंद निषाद भी उसी गांव का रहने वाला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।