गोरखपुर में जेई का कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे, बोलने वाला बिजलीकर्मी हटाया गया
गोरखपुर में बिजली कनेक्शन के नाम पर 15 हजार रुपये के लेन-देन से जुड़ा एक ऑडियो वायरल होने के बाद ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गोरखपुर में बिजली कनेक्शन के नाम पर वसूली का ऑडियो वायरल।
निविदाकर्मी अभिषेक मिश्र को दुर्गाबाड़ी उपकेंद्र से हटाया गया।
इलाके में अवैध वसूली और जर्जर पोल की शिकायतें थीं।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। 'देखो, तुम जेई का कुछ नहीं बिगाड़ पाओगो। कहीं भी शिकायत कर लो जेई बच जाएंगे।' दुर्गाबाड़ी उपकेंद्र के एक निविदाकर्मी और इलाके के एक उपभोक्ता की बातचीत का 2:37 मिनट का एक आडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
आडियो में उपभोक्ता और निविदाकर्मी के बीच 15 हजार रुपये के लेन-देन की बात हो रही है। उपभोक्ता कह रहा है कि कनेक्शन के नाम पर रुपये जेई ने लिए थे तो निविदाकर्मी कह रहा है कि रुपये बकाया के मद में लिए थे। इस पर कसम खाने की भी बात हो रही है। आडियो प्रसारित होने के बाद निविदाकर्मी को दुर्गाबाड़ी से हटाकर राजेंद्र नगर उपकेंद्र पर तैनात कर दिया गया है। एक और निविदाकर्मी का क्षेत्र बदला गया है।
दुर्गाबाड़ी उपकेंद्र क्षेत्र में कनेक्शन देने, बकाया जमा कराने, कनेक्शन काटने के बाद जोड़ने के नाम पर वसूली की लगातार शिकायत हो रही है। इलाके में जर्जर पोल न बदलने का मामला भाजपा के दो पार्षद अधीक्षण अभियंता शहर के पास ले जा चुके हैं। अब आडियो प्रसारित होने के बाद निविदाकर्मी अभिषेक मिश्र को हटा दिया गया है। दूसरे निविदाकर्मी को दुर्गाबाड़ी से हटाकर सूरजकुंड क्षेत्र का जिम्मा दिया गया है।
अधिशासी अभियंता अतुल रघुवंशी ने बताया कि रूटीन में कुछ तबादले किए गए हैं। राजेंद्र नगर उपकेंद्र पर निविदाकर्मियों की कमी को देखते हुए अभिषेक मिश्र को भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में खुले नाले में गिरी बच्ची, नगर निगम की लापरवाही से आठ महीने से अधूरा पड़ा निर्माण
