गोरखपुर में बाइक से स्टंटबाजी कर किशोरी पर फेंका जलता पटाखा, पैर में आई गंभीर चोट
गोरखपुर के पीपीगंज में बाइक पर स्टंट कर रहे युवकों ने एक किशोरी पर जलता पटाखा फेंका, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
बाइक स्टंट के दौरान किशोरी पर फेंका पटाखा।
जलते पटाखे से किशोरी के पैर में गंभीर चोट।
तीन आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, (पीपीगंज) गोरखपुर। नगर पंचायत पीपीगंज के वार्ड नंबर 13 श्याम नगर में बाइक सवार युवकों की स्टंटबाजी के दौरान एक किशोरी पटाखे की चपेट में आकर घायल हो गई। आरोप है कि युवकों ने चलती बाइक से किशोरी के ऊपर जलता हुआ पटाखा फेंक दिया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
श्याम नगर निवासी मीनू देवी पत्नी राकेश ने पीपीगंज पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आठ नवंबर की शाम सात बजे उनकी 16 वर्षीय बेटी दीपिका कुमारी घर से थोड़ी दूर खड़ी थी।
इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और स्टंटबाजी करने लगे। आरोप है कि इसी बीच युवकों ने जलता हुआ पटाखा उनकी बेटी के ऊपर फेंक दिया। पटाखे की चपेट में आने से दीपिका के पैर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश की राह आसान, नेट व जेआरएफ पास छात्रों को पात्रता परीक्षा से मिलेगी छूट
मीनू देवी ने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से शिकायत की। थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संदीप, साहुल और मंदीप के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।