विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में गैस सिलिंडर मरम्मत के दौरान लगी आग, बुजुर्ग दंपती समेत चार घायल

By Satish PandeyEdited By: Vivek Shukla
Published: Sat, 10 Oct 2026 01:11 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर के राप्तीनगर में गैस सिलिंडर ठीक करते समय हुए रिसाव से आग लग गई, जिसमें एक बुजुर्ग दंपती सहित ...और पढ़ें

हादसे में घायल शख्स। जागरण

हादसे में घायल शख्स। जागरण

HighLights

  1. गोरखपुर में गैस सिलिंडर ठीक करते समय आग लगी।

  2. बुजुर्ग दंपती समेत चार लोग आग में झुलसे।

  3. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, पुलिस ने आग बुझाई।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। घरेलू गैस सिलिंडर की खराबी ठीक करते समय हुई असावधानी से राप्तीनगर फेज एक स्थित मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आकर बुजुर्ग दंपती समेत चार लोग झुलस गए। इनमें सिलिंडर ठीक करने पहुंचा गैस एजेंसी का हाकर भी शामिल है।

तीन घायलों को बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि हाकर का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। शाहपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।

यह घटना शनिवार की सुबह 11 बजे राप्तीनगर फेज एक स्थित मकान नंबर एलआइजी-156 की है। यहां रहने वाले 75 वर्षीय रंजन दास के घरेलू गैस सिलिंडर में कुछ समस्या आ रही थी। उसे ठीक कराने के लिए उन्होंने गैस एजेंसी के हाकर 40 वर्षीय इंद्रेश को बुलाया था।

इंद्रेश सिलिंडर की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान गैस रिसाव की जांच करते समय आग लग गई। आग फैलते ही घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे इसकी चपेट में आकर झुलस गए।

हादसे में रंजन दास, उनकी 70 वर्षीय पत्नी जया दास और हरसेवकपुर निवासी 65 वर्षीय दशावती देवी झुलस गईं। दशावती देवी, रंजन दास के घर पर मौजूद थीं। सिलिंडर ठीक कर रहे हाकर इंद्रेश के हाथ भी झुलस गए। परिजनों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घर में आग लगने की सूचना पीआरवी के माध्यम से पुलिस को मिली।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में लिंक एक्सप्रेसवे किनारे झाड़ी में मिली नवजात बच्ची, ग्रामीण की सतर्कता से बची जिंदगी

इसके बाद शाहपुर थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आग बुझाने में मदद की और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में कोबरा के डसने से महिला की मौत, दीवार तोड़कर पकड़ा गया जहरीला सांप