Gorakhpur Festival 2023: कनिका कपूर व कैलाश खेर सजाएंगे गोरखपुर महोत्सव का मंच, सोनू निगम भी मचाएंगे धूम
Gorakhpur Festival 2023 महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले बालीवुड नाइट भोजपुरी नाइट और भजन संध्या के लिए कलाकारों से संपर्क शुरू हो गया है। भोजपुरी नाइट के लिए चंदन तिवारी कल्पना और मालिनी के नाम पर चर्चा हो रही है।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों के क्रम में महोत्सव समिति ने अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बालीवुड नाइट से लेकर भोजपुरी नाइट तक के लिए समिति कलाकारों से संपर्क साध रही है। भजन संध्या को यादगार बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के नाम पर चर्चा शुरू हो गई है।
11 से 13 जनवरी तक सजेगी महफिल
11 से 13 जनवरी 2023 तक आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में पहले और अंतिम दिन बालीवुड नाइट का आयोजन होना है। 13 जनवरी की शाम सोनू निगम के सुरों से सजने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका है। 11 जनवरी की बालीवुड नाइट के लिए जिन कलाकारों के नामों की चर्चा है, उनमें सबसे आगे कनिका कपूर हैं। रैपर बादशाह के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। इन कलाकारों से संवाद का सिलसिला शुरू हो चुका है।
कन्हैया मित्तल के भी किया गया है शामिल
भजन संध्या के लिए जिन नामों पर विचार किया जा रहा है, उनमें कैलाश खेर प्रमुख हैं। इस दौड़ में कन्हैया मित्तल को भी शामिल किया गया है। कन्हैया विधानसभा चुनाव के दौरान 'जो राम को लाए हैं' गीत गाकर देश भर में मशहूर हो गए थे। अनूप जलोटा का नाम पहले महोत्सव में आने के कारण चर्चा शुरुआती दौर के बाद आगे नहीं बढ़ सकी है। हालांकि एक बेहतर विकल्प के रूप में उन्हें भी देखा जा रहा है।
भोजपुरी नाइट के लिए इनके नाम पर हो रही चर्चा
भोजपुरी नाइट के लिए जो कलाकार महोत्सव समिति की प्राथमिक सूची में शामिल हैं, उनमें चंदन तिवारी, कल्पना और मालिनी अवस्थी प्रमुख हैं। मालिनी अवस्थी पर विशेष जोर है, हालांकि वह भी पहले महोत्सव के मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं। इन सभी नामों पर अंतिम चर्चा के लिए बहुत जल्द महोत्सव समिति की सांस्कृतिक उप समिति की बैठक का आयोजन करने की तैयारी है।
प्रदर्शनी लगाने के लिए भेजा जा चुका है आमंत्रण
महोत्सव में लगाई जानी वाली तरह-तरह की प्रदर्शनी के लिए आयोजकों को आमंत्रण की चिट्ठी भेजी जा चुकी है। पिछली बार की तरह पुस्तक प्रदर्शनी, विज्ञान प्रदर्शनी, सरस मेला जैसे आयोजन इस बार भी महोत्सव का हिस्सा होंगे। खानपान के स्टाल को लेकर आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
गोरखपुर के क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी रवींद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि महोत्सव को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है। आयोजन के लिए टेंडर निकाला जा चुका है। कलाकारों के नाम पर चर्चा शुरू हो गई है। इसके लिए बहुत जल्द सांस्कृतिक समिति की बैठक आयोजित होगी, जिसमें शहर के नामित संस्कृतिकर्मी कलाकारों के नाम को अंतिम रूप देंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।