गोरखपुर में हथिनी कुसुमकली की मौत के बाद ट्रक चालक की तलाश, महावत गंभीर
गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर ट्रक की टक्कर से हथिनी कुसुमकली की मौत हो गई, जबकि दो महावत गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से ट्रक पहचान कर उसे जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।

गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर पीछे से ट्रक की टक्कर से हुई थी हथिनी की मौत। जागरण
HighLights
हथिनी कुसुमकली की ट्रक टक्कर से मौके पर मौत।
दो महावत गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
पुलिस ने ट्रक जब्त किया, फरार चालक की तलाश।
संवाद सूत्र,बेलीपार। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर हथिनी कुसुमकली की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्रक की पहचान करने के बाद पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों महावतों का उपचार चल रहा है। इनमें एक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
जांच में सामने आया है कि चालक आजमगढ़ से ट्रक लेकर कानपुर जा रहा था। उसे गोरखपुर से सामान भी उठाना था। हादसे के बाद वह ट्रक लेकर फरार हो गया और दूध की डिलीवरी करने के बाद बाघागाड़ा में ट्रक खड़ा कर भाग निकला। महावत के पिता ने रविवार को ट्रक चालक पर मुकदमा दर्ज कराया।
घटना 21 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे की है। बेलीपार थाना क्षेत्र के मेहरौली गांव में राजकुमार के ईंट भट्ठे के सामने गोरखपुर से बाघागाड़ा की ओर जा रहे ट्रक (यूपी 78 एमएन 0529) ने पीछे से हथिनी को जोरदार टक्कर मार दी। उस समय हथिनी पर दो महावत सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि हथिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों महावत गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हथिनी के महावत सेवई निवासी जाफर अंसारी के पिता रफी उल्लाह अंसारी ने रविवार को बेलीपार थाना पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि गजपुर में आयी बरात में शामिल होने के बाद बेटा घर लौट रहा था। हथिनी पर गांव का रहने वाला फिरोज अंसारी भी सवार था। इसी दौरान मेहरौली गांव के पास पीछे से आए ट्रक ने हथिनी को टक्कर मार दी।
हादसे में कुसुमकली की मौत हो गई और दोनों महावत घायल हो गए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो ट्रक की पहचान हुई। जांच में पता चला कि चालक आजमगढ़ से ट्रक लेकर कानपुर लौट रहा था। उसे गोरखपुर से सामान उठाना था। हादसे के बाद वह ट्रक लेकर आगे बढ़ा और दूध की डिलीवरी करने के बाद बाघागाड़ा में खड़ा कर फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि इस मामले में वन विभाग ने भी मुकदमा दर्ज किया है। महावत के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक पर केस दर्ज हुआ है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कुसुमकली, कई पीढ़ियों से परिवार के साथ थी
हथिनी का नाम कुसुमकली था और उसकी उम्र करीब 65 वर्ष बताई गई है। मालिक राघवेंद्र सिंह के मुताबिक, उनके पूर्वज करीब 50-60 वर्ष पहले खजनी क्षेत्र के रामपुर महंथ से उसे खरीदकर लाए थे। तब से वह परिवार और पट्टीदारी के लोगों के संरक्षण में रही। खजुरी निवासी स्वर्गीय हरिहर सिंह, छपिया निवासी स्वर्गीय संत बख्श सिंह और झकही निवासी राघवेंद्र सिंह के परिवारों के संरक्षण में उसकी देखरेख होती रही। मौजूदा समय में झकही निवासी डा. हरिश्चंद्र सिंह के संरक्षण में उसकी देखभाल की जा रही थी। इतने लंबे समय तक परिवार का हिस्सा रही कुसुमकली की अचानक मौत से उससे जुड़े लोगों को गहरा सदमा लगा है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के तरैना नाले में मिला तीन माह के अज्ञात शिशु का शव, पुलिस जांच में जुटी
लापरवाही से वाहन चलाने और चोट पहुंचाने में मुकदमा
बेलीपार थाना क्षेत्र के मेहरौली गांव के पास ट्रक की टक्कर से हथिनी कुसुमकली की मौत और दो महावतों के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस ने सार्वजनिक रास्ते पर लापरवाही से वाहन चलाने, गंभीर चोट पहुंचाने और दूसरे की सुरक्षा खतरे में डालने का मुकदमा दर्ज कराया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।