गोरखपुर में बिजली व्यवस्था होगी और दुरुस्त, खर्च होंगे 121 करोड़
गोरखपुर में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 121 करोड़ 23 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें एफसीआई उपकेंद्र ...और पढ़ें

HighLights
121 करोड़ 23 लाख रुपये से बिजली सुधार कार्य।
एफसीआई उपकेंद्र का स्थानांतरण, 10 एमवीए क्षमता वृद्धि।
1307 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, ग्रामीण लाभान्वित।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। निर्बाध आपूर्ति और व्यवस्था सुदृढ़ करने पर बिजली निगम बड़ा काम करने जा रहा है। जिले में 121 करोड़ 23 लाख रुपये से बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए कई कार्य कराए जाएंगे। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पास प्रस्ताव जा चुका है। जल्द बजट मिलने की उम्मीद है।
एफसीआइ उपकेंद्र वर्तमान में 132 केवी पारेषण उपकेंद्र एफसीआइ के अंदर स्थापित होता है। एक ही परिसर में पारेषण और वितरण उपकेंद्र होने के कारण गड़बड़ी की स्थिति में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने मुश्किल हो जाता है। यदि उपकेंद्र में कोई बड़ी गड़बड़ी आती है तो पारेषण उपकेंद्र की आपूर्ति भी रोकनी पड़ती है।
इससे राप्तीनगर समेत कई इलाकों में बिजली का संकट खड़ा हो जाता है। इसे देखते हुए अधीक्षण अभियंता शहर रणजीत चौधरी ने एफसीआइ पारेषण उपकेंद्र के अंदर स्थापित वितरण उपकेंद्र को बाहर बनवाने का प्रस्ताव दिया है। इस उपकेंद्र की क्षमता 10 एमवीए होगी। इससे बालापार की तरफ बिजली आपूर्ति और अच्छी हो जाएगी।
ट्रांसफार्मर और लाइन पर जोर
बिजली निगम का जोर नए ट्रांसफार्मर लगाकर पुराने ट्रांसफार्मरों के लोड को कम करना है। नए ट्रांसफार्मर लगने से बिजली आपूर्ति में सुधार आएगा और लो वोल्टेज की समस्या का पूरा समाधान हो जाएगा। 213 किलोमीटर लंबाई में एरियल बंच कंडक्टर बिछाया जाएगा। इससे बिजली चोरी पर तो रोक लगेगी ही हादसों की आशंका भी खत्म हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर से पुणे और एलटीटी के लिए चलेंगी नई स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत
1307 ट्रांसफार्मरों की होगी क्षमता वृद्धि
बिजली निगम 1307 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि भी कराएगा। इस कार्य पर 38 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च होंगे। सबसे ज्यादा जोर 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मरों की जगह 63 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मरों को लगाने पर है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से परेशान उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान हाे जाएगा। पांच एमवीए क्षमता के चार ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे और तीन ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराकर इसे पांच से 10 एमवीए किया जाएगा। इसके अलावा अर्थिंग और गार्डिंग के साथ ही कई अन्य कार्य भी कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा रही है। अच्छी सुविधा के कारण उद्योग, व्यापार में बढ़ोतरी के साथ ही जिले में नए आवास बनने से बिजली की मांग में भी इजाफा हो रहा है। इसे देखते हुए बिजली व्यवस्था और और सुदृढ़ किया जा रहा है। गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति की दिशा में कार्ययोजना बनाई गई है। बजट मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
-लोकेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य अभियंता
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।