गोरखपुर बिजली निगम में नियमों की अनदेखी, निलंबित कर्मचारी की बहाली
बिजली निगम गोरखपुर में 'अंधा बांटे रेवड़ी' कहावत चरितार्थ हो रही है, जहां निलंबित कर्मचारी को चेयरमैन के आदेश के खिलाफ उसी मंडल में बहाल कर दिया गया। प्रबंध निदेशक के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद, गंभीर अनियमितताओं के आरोपों वाले कर्मचारी को चार महीने में ही बहाल कर दिया गया और जांच भी अधूरी है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
निलंबित तकनीशियन मोहनलाल को चार महीने में बहाल किया गया।
चेयरमैन के आदेशों के खिलाफ उसी मंडल में तैनाती दी गई।
पोल शिफ्टिंग मामले की जांच दो महीने बाद भी अधूरी है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। 'अंधा बांटे रेवड़ी, घरे घराना खाय' वाली कहावत तो सबने सुनी होगी लेकिन इसका अक्षरश: पालन कहां हो रहा है, यह हम आपको बता रहे हैं। बिजली निगम का विद्युत वितरण मंडल प्रथम इन दिनों इस कहावत को पूरी तरह चरितार्थ कर रहा है। बिजली निगम के चेयरमैन के आदेश को भी यहां अंगूठा दिखाया जा रहा है।
आदेश है कि निलंबन होने पर कर्मचारी को मुख्यालय समर्पित करना है लेकिन अभियंताओं ने खेल कर निलंबित कर्मचारी को बहाल कर उसी वितरण मंडल में तैनाती भी दे दी। यही नहीं, नइयापार उपकेंद्र क्षेत्र में पोल शिफ्टिंग के मामले की जांच दो महीने में भी नहीं पूरी हो सकी है। जांच 15 दिन में पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। यह स्थिति तब है जब स्पष्ट तौर पर दिख रहा है कि नियम के विरुद्ध जाकर निर्धारित से ज्यादा पोल की शिफ्टिंग की गई है।
पिपराइच उपखंड क्षेत्र में तैनात तकनीशियन ग्रेड दो मोहनलाल को मारपीट के मामले में जेल भेजा गया था। इसके बाद 17 जुलाई को गुलरिहा खंड के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह ने उन्हें निलंबित कर दिया था। बिजली निगम के प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार निलंबित कर्मचारी को मुख्यालय को समर्पित किया जाता है। इससे पहले एक तकनीशियन ग्रेड दो को निलंबन के बाद मुख्यालय समर्पित किया गया था लेकिन मोहनलाल को समर्पित नहीं किया गया। उन्हें चार महीने के अंदर ही बहाल भी कर दिया गया।
यह है कहावत का अर्थ
एक हिंदी लोकोक्ति है जिसका अर्थ है, अधिकार या पद मिलने पर व्यक्ति का केवल अपने परिजनों, मित्रों या समानुभवी समूह का ही लाभ उठाना। इस कहावत में 'अंधा' का तात्पर्य उस अधिकारी या व्यक्ति से है जो बांटने (नौकरी, भ्रष्टाचार या सुविधाओं) में पक्षपात करता है, जबकि 'घरे घराना खाय' से तात्पर्य उस समूह से जो उसका लाभ उठाता है।
यह है प्रबंध निदेशक का निर्देश
प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने सभी प्रबंध निदेशकों को लिए पत्र में कहा है कि, गंभीर अनियमितताओं की स्थिति में अधिकारियों/कार्मिकों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रचलित की जाती है एवं कतिपय प्रकरणों में यथा आवश्यकता निलंबन की कार्यवाही भी की जाती है।
ऐसे कई प्रकरण संज्ञान में आए हैं जहां जांचोपरान्त तथा प्रशासनिक आवश्यकता के दृष्टिगत जांच प्रक्रिया के मध्य निलंबित कार्मिकों को बहाल कर पूर्व तैनाती के स्थल अथवा समीपवर्ती तैनात कर दिया जाता है जो कि प्रशासनिक दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पांच साल के आयुष की हत्या कर राप्ती नदी में फेंका, तीन दिन बाद मिला शव; सौतेला पिता गिरफ्तार
उक्त के दृष्टिगत निर्देश दिए जाते हैं कि कामन कैडर के निलम्बित कार्मिक को बहाली के समय उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड मुख्यालय को समर्पित कर दिया जाये। तदोपरान्त उक्त कार्मिक की तैनाती उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के स्तर की जायेगी। प्रकरण से सम्बन्धित जांच प्रक्रिया उसी डिस्काम में पूर्ववत जारी रहेगी। नान कामन कैडर के कार्मिकों के निलम्बन के उपरान्त कारपोरेशन के पत्र संख्या-2261-ज०श० प्र०सु० एवं प्रशि०-01/पाकालि / 2024-100-(01) प्र0सु0/1992 दिनांक 12-12-2024 द्वारा दिये गये निर्देशानुसार उनको निलम्बन से पूर्व के क्षेत्र व निकटवर्ती क्षेत्र को छोड़कर अन्यत्र वितरण क्षेत्र में ही बहाल कर तैनात किया जाए।
यह भी पढ़ें- जागरण एजेंडा: गोरखपुर के गोलघर में बार-बार खोदाई से व्यापार ठप, पार्किंग सिमटी; जलभराव व हादसों का खतरा
नवीन तैनाती के समय इस बिन्दु का विशेष ध्यान रखा जाये कि तैनाती किसी महत्वपूर्ण/संवेदनशील स्थल पर न की जाये, जिससे यह धारणा न बने कि कार्मिक की गंभीर अनियमितताओं के उपरान्त भी उसे किसी प्रकार का पारितोष दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।