शादी के चार दिन बाद दहेज को लेकर पत्नी को पीटा, मुंह में थूका गुटखा; आरोप सुन पुलिस भी चकराई
गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न और अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। एम्स थाना के एक गांव में शादी के चार दिन बाद ही पति ने दहेज को लेकर पत्नी से मारपीट की। गुटखा खाकर उसके मुंह में थूक दिया। अप्राकृतिक संबंध बनाए। सास-ससुर से पति की शिकायत करने पर उन्होंने भी ताना मारा।
दो बार इस तरह की घटना होने के बाद महिला भाई के साथ मायके जाकर एम्स थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पति अरविंद यादव, सास शकुंतला देवी, ससुर नेबूलाल, देवर और ननद पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
एम्स क्षेत्र में स्थित मायके में रह रही महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। भाई ने एक जून 2025 को इसी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अरविंद से उसकी शादी कराई। शादी में ससुराल वालों की मांग के अनुसार पांच लाख रुपये नकद, जेवर व घरेलू सामान दिया गया था। लेकिन, ससुराल पहुंचने पर चौथे दिन से ही विवाद शुरू हो गया।
शराब के नशे में उसका पति मारपीट करने लगा। उसने सोचा कि शायद बाद में सुधर जाए, लेकिन आरोपित पति आए दिन इसी तरह की हरकत करने लगा। एक दिन गुटखा खाकर आया और दहेज की मांग को लेकर विवाद करने लगा।
विरोध करने पर मारपीट की और जबरन मुंह पकड़कर उसमें गुटखा थूक दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद आरोपित ने मारपीट कर अप्राकृतिक संबंध बनाया। सास, ससुर को घटना की जानकारी दी।
सोची कि वह लोग समझाएंगे, लेकिन समझाने की जगह वे लोग कम दहेज की बात को लेकर ताना मारने लगे। इसके बाद उनके सामने भी पति ने मारपीट की। एक दिन भाई को फोन कर धमकी दी और बोले की पूरी रात पीटेंगे। इसके बाद आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की।
बातचीत की रिकार्डिंग भी मोबाइल फोन में मौजूद है। ससुराल वालों से परेशान होकर 16 जुलाई को वह मायके चली गई और फिर दहेज वापस करने की मांग की।
खर्च हुए 20 लाख देने पर समझौता भी हुआ, लेकिन ससुराल वालों ने रकम वापस नहीं की। एसपी सिटी ने बताया कि केस दर्ज कर एम्स पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।