विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में कार्तिक पूर्णिमा पर राप्ती किनारे उतरी 'आकाशगंगा', सवा लाख दीपों से जगमगाया घाट

By Ratnesh ShuklaEdited By: Vivek Shukla
Published: Wed, 25 Nov 2026 09:46 AM (GMT+05:30)

गोरखपुर के राप्ती तट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दैनिक जागरण द्वारा आयोजित देव दीपावली महोत्सव में सवा लाख दीप प्रज्वलित किए गए। इस भव्य आयोजन में स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स और आम लोगों की जनभागीदारी ने सांस्कृतिक पुनर्जागरण का संदेश दिया।

देव दीपावली के अवसर पर दैनिक जागरण की ओर से गुरु गोरक्षनाथ घाट पर आयोजित दीपोत्सव के दौरान दीप जलाते लोग । जागरण

देव दीपावली के अवसर पर दैनिक जागरण की ओर से गुरु गोरक्षनाथ घाट पर आयोजित दीपोत्सव के दौरान दीप जलाते लोग । जागरण

HighLights

  1. सवा लाख दीपों से जगमगाया गोरखपुर का राप्ती तट।

  2. कार्तिक पूर्णिमा पर दैनिक जागरण ने मनाया देव दीपावली महोत्सव।

  3. जनभागीदारी से साकार हुआ सांस्कृतिक पुनर्जागरण का महापर्व।

रत्नेश शुक्ल, गोरखपुर। राप्ती का किनारा। कार्तिक पूर्णिमा के चन्द्रमा का उजियारा। जनसमूह के मन में हिलोरे मारता देव दीपावली का जयकारा। एक आह्वान और सैकड़ों हाथ जुट गए सवा लाख दीपों को प्रज्वलित करने में। कार्तिक पूर्णिमा की पावन संध्या पर मंगलवार को राप्ती नदी का गुरु गोरक्षनाथ घाट इस तरह एक अभूतपूर्व सामूहिक संकल्प और सामाजिक एकता का साक्षी बना।

दैनिक जागरण के देव दीपावली महोत्सव में जब सवा लाख दीप एक साथ प्रज्वलित हुए, तो सुनहरी आभा से नहाए घाट को देखकर पूर्णिमा का उजियारा भी लजाया लगा। चंद मिनटों में जो आभा उभरी उसने हर नयन को तृप्त कर दिया। लगा मानो धरा पर आकाशगंगा उतर आई है।

इस भव्य उत्सव की नींव सुबह से ही पड़नी शुरू हो गई थी। सूर्य की पहली किरण के साथ ही राजघाट की सीढ़ियों पर उत्साह और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों के स्वयंसेवकों, स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेटों और स्थानीय नागरिकों ने बिना किसी औपचारिक निमंत्रण के स्वतःस्फूर्त भाव से मोर्चा संभाल लिया।

82494156-1mb

घंटों की कड़ी मेहनत के बाद घाट की हर सीढ़ी और चबूतरे पर दीपों की सटीक और कलात्मक ज्यामितीय आकृतियां उकेरी गईं। दोपहर होते-होते दीपों की लंबी कतारें पूरी तरह आकार ले चुकी थीं। इसके बाद युवाओं और बच्चों की टोलियों ने अत्यंत सावधानी और धैर्य के साथ हर एक दीप में तेल डालने और रुई की बाती लगाने का कार्य पूरा किया।

82495677-1mb

शाम ढलने के साथ ही घाट पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया। जैसे ही पूर्व दिशा में पूर्णिमा के चंद्रमा ने अपनी चांदनी बिखेरी, अतिथियों ने मुख्य वेदी पर दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। अतिथियों के आह्वान के साथ ही घाट पर मौजूद सैकड़ों हाथ एक साथ दीपों को रोशन करने में जुट गए। महज कुछ ही मिनटों के भीतर टिमटिमाती लौ का यह सिलसिला एक विशाल प्रकाश पुंज में बदल गया। बहती राप्ती की लहरों पर पड़ती सवा लाख दीपों की परछाई ने पूरे वातावरण को अत्यंत मनोरम और पावन बना दिया।

82494153-1mb

सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित दैनिक जागरण के इस प्रयास ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि जनभागीदारी से किसी भी सांस्कृतिक अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरे पर अपने हाथों से जलाए गए दीपों की चमक और इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने का संतोष साफ झलक रहा था। पूरा तट देर रात तक उत्सवी माहौल, लोकमंगल की कामना और सांस्कृतिक गौरव के भाव से ओतप्रोत रहा।

82494150-1mb

इस तरह सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित दैनिक जागरण के तत्वावधान में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का एक और सोपान मंगलवार को तय हुआ। सामान्य जन के सहयोग से प्रति वर्ष राप्ती तीरे स्थित गुरु गोरक्षनाथ घाट पर मनाया जाने वाला देव दीपावली उत्सव केवल दीपदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने शहरवासियों के बीच अपनी विरासत और संस्कृति को सहेजने की चेतना को और अधिक सुदृढ़ कर गया।

यह भी पढ़ें- रेलवे बोर्ड का सख्त निर्देश: अब तय सीमा से ज्यादा काम नहीं, विश्राम जरूरी

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 70 लाख की चोरी में महिला गिरफ्तार, पति की तलाश जारी



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।