विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में देवरिया बाईपास सर्विस लेन का होगा चौड़ीकरण, 11 करोड़ से बदलेगी तस्वीर; बड़ी आबादी को मिलेगा लाभ

Published: Sat, 31 Oct 2026 06:16 PM (IST)

गोरखपुर विकास प्राधिकरण देवरिया बाईपास रोड पर पंचमुखी हनुमान मंदिर से फरसहिया तालाब तक 3.5 किमी लंबी सर्विस लेन का 11 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण करेगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. देवरिया बाईपास सर्विस लेन का 11 करोड़ से चौड़ीकरण।

  2. 3.5 किमी सड़क 7 मीटर चौड़ी होगी, नाली बनेगी।

  3. 30 हजार आबादी को बेहतर आवागमन, जल निकासी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। देवरिया बाईपास रोड के निकट स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से बुद्ध विहार पार्ट सी होते हुए फरसहिया तालाब तक आवागमन आसान बनाने के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) सर्विस लेन का चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण कराने जा रहा है। करीब 3.5 किलोमीटर लंबी सर्विस लेन को दोनों तरफ चौड़ा कर सात मीटर का बनाया जाएगा।

इसके साथ ही एक तरफ नाली का निर्माण भी कराया जाएगा। देवरिया बाईपास से सटी लेन और आसपास की आंतरिक गलियों के विकास पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अवस्थापना निधि से होने वाले इस कार्य से करीब दस कालोनियों की 30 हजार से अधिक की आबादी को राहत मिलेगी।

जीडीए के मुख्य अभियंता किशन सिंह के अनुसार, वर्तमान में पंचमुखी हनुमान मंदिर से फरसहिया तालाब तक करीब 3500 मीटर लंबी सड़क 3.5 मीटर चौड़ी आरसीसी की बनी है। इसके दोनों तरफ 1.75-1.75 मीटर चौड़ाई बढ़ाकर इसे सात मीटर का किया जाएगा। सड़क के एक तरफ नाली भी बनाई जाएगी। इससे सड़क पर वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी और जलनिकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी।

621 मीटर गलियों में भी बनेगा फुटपाथ

मुख्य अभियंता के मुताबिक, मुख्य सड़क के अलावा आसपास की आंतरिक गलियों का भी कायाकल्प किया जाएगा। करीब 621 मीटर लंबाई में डामर सड़क बनाई जाएगी। इसके दोनों तरफ एक-एक मीटर चौड़े इंटरलाकिंग टाइल्स के फुटपाथ और नाली का निर्माण कराया जाएगा।

सड़क पर रोड मार्किंग और कैटआइ भी लगाई जाएंगी, जिससे रात में आवागमन सुरक्षित हो सके। सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए नए सिरे से निर्माण और चौड़ीकरण की योजना तैयार की गई है। देवरिया बाईपास से जुड़ा यह मार्ग आसपास की कई कालोनियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।

सड़क चौड़ी होने से स्थानीय लोगों के साथ ही इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी सहूलियत मिलेगी। जीडीए की योजना का उद्देश्य मुख्य मार्ग के साथ आंतरिक गलियों में भी बेहतर आवागमन और जलनिकासी की व्यवस्था विकसित करना है।

अतिक्रमण पर होगी सख्ती

जीडीए देवरिया बाईपास सर्विस लेन को चौड़ा कराने के साथ ही इसपर हुए अतिक्रमण को लेकर भी सख्ती करेगा। प्राधिकरण के अनुसार निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वहां अतिक्रमण न लगे। इसे लेकर समय-समय पर औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।

शहर में बेहतर आवागमन और नागरिक सुविधाओं का विस्तार प्राधिकरण की प्राथमिकता है। पंचमुखी हनुमान मंदिर से फरसहिया तालाब तक सर्विस लेन के चौड़ीकरण और आसपास की गलियों के विकास से बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कराया जाएगा।

-अभिनव गोपाल, उपाध्यक्ष, जीडीए

यह भी पढ़ें- अमेठी डीएम ने छात्रों की सुरक्षा बढ़ाने, सड़क हादसों को रोकने और अवैध अतिक्रमण हटाने पर दिया जोर

यह भी पढ़ें- लखनऊ सिविल कोर्ट परिसर से हटेगा अतिक्रमण, हाई कोर्ट ने नगर निगम को दिया कार्रवाई का आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।