गोरखपुर में धनतेरस-दीपावली पर साइबर ठगों का कहर, 151 शिकार 39 लाख की चपत
गोरखपुर में धनतेरस से दीपावली के बीच साइबर ठगों ने 151 लोगों को निशाना बनाया, जिससे कुल 39.66 लाख रुपये ...और पढ़ें

HighLights
धनतेरस-दीपावली पर गोरखपुर में 151 साइबर ठगी की शिकायतें।
साइबर ठगों ने लोगों से 39.66 लाख रुपये की चपत लगाई।
पुलिस ने 9 डिजिटल गिरफ्तारियां की, लोगों को सचेत किया।
जितेन्द्र पाण्डेय, गोरखपुर। धनतेरस से दीपावली तक साइबर ठगों ने जिले में जमकर लोगों को निशाना बनाया। छह से आठ नवंबर के बीच 28 थाना क्षेत्रों में साइबर अपराध की 151 शिकायतें दर्ज की गईं। नौ को डिजिटल अरेस्ट किया गया। इन घटनाओं में लोगों को कुल 39.66 लाख रुपये की चपत लगी। आंकड़ों के मुताबिक, तीन दिनों में प्रतिदिन औसतन 50 शिकायतें आईं और करीब 13 लाख रुपये की ठगी हुई। ये घटनाएं आमदिनों से छह से सात गुणा अधिक हुई।
दीपावली पर लोग घरों की साफ-सफाई और खरीददारी में जुटे थे तो साइबर अपराधी लोगों को ठगने में। इसमें भी साइबर अपराध की सबसे अधिक घटनाएं छह नवंबर यानी धनतेरस के दिन हुई। इस दिन सभी थानों में कुल 74 शिकायतें दर्ज हुईं और ठगों ने लोगों के खाते से 27.18 लाख रुपये की रकम पार कर दी। यह तीन दिनों में हुई कुल ठगी का करीब 69 प्रतिशत है। सात नवंबर को शिकायतों की संख्या घटकर 48 रह गई, जबकि दीपावली के दिन आठ नवंबर को 29 शिकायतें दर्ज की गईं।
अपराध के तरीकों पर गौर करें तो अकाउंट एवं डिवाइस टेकओवर के मामले सबसे अधिक रहे। इसमें ठगों ने ओटीपी, लागिन क्रेडेंशियल और अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल कर 69 लोगों को निशाना बनाया। यह कुल शिकायतों का करीब 46 प्रतिशत है। वहीं, क्रेडेंशियल और पहचान संबंधी धोखाधड़ी से कुल आर्थिक नुकसान का लगभग 74 प्रतिशत हुआ।
आंकड़ों के अनुसार, एक लाख रुपये से अधिक की ठगी के केवल सात मामलों में कुल नुकसान की आधी से ज्यादा रकम शामिल है। इनमें कैंट थाना क्षेत्र का एक मामला सबसे गंभीर रहा, जहां एक व्यक्ति से 7.32 लाख रुपये की ठगी की गई। थानावार आंकड़ों में शाहपुर थाना 17 शिकायतों के साथ पहले स्थान पर रहा। वहीं, कैंट क्षेत्र में सबसे अधिक 8.39 लाख रुपये की ठगी हुई। इस दौरान डिजिटल अरेस्ट के नौ मामले भी सामने आए। इसके अलावा साइबर अपराधियों ने लोगों को फर्जी एप डाउनलोड कराकर भी ठगी की।
ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा न करें
पर्व के पहले से पुलिस पब्लिक एड्रेस सिस्टम से आमजन को लगातार सर्तक रहने की अपील कर रही थी। बता रही थी कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और किसी के कहने पर मोबाइल में एप डाउनलोड करने से बचें। बैंक या सरकारी अधिकारी बनकर फोन करने वालों को भी अपनी गोपनीय जानकारी न दें। आपके साथ साइबर ठगी हो सकती है। बावजूद तीन दिन में सबसे अधिक साइबर ठगी की घटनाएं हुई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में डंबल डिजाइन से संवरेगी शास्त्री चौक की सूरत, जाम से मिलेगी मुक्ति और बढ़ेगी हरियाली
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
साइबर कमांडों उपेंद्र सिंह और सेल के शशी जायसवाल ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करें। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को संबंधित बैंक खातों में फ्रीज कराने और आगे हस्तांतरित होने से रोकने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
साइबर अपराध से बचने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाया जाता है। दीपावली से पूर्व एनाउंसमेंट और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लोगों को सर्तक रहने की अपील की गई थी। बावजूद वारदात होने के बाद दर्ज शिकायतों की जांच की जा रही है।
-आयोध्या प्रसाद, एसपी अपराध