वीवीआईपी आए तो चमका गोरखपुर, आम दिनों में क्यों आंखें मूंद लेता है नगर निगम?
शहर में वीवीआईपी के आगमन की सूचना पर नगर निगम ने सड़कों की विशेष सफाई कराई, जिससे शहर चमक उठा। ...और पढ़ें

HighLights
वीवीआईपी आगमन पर गोरखपुर में विशेष सफाई अभियान चला।
महापौर और नगर आयुक्त ने स्वयं सफाई कार्य का निरीक्षण किया।
नागरिकों ने नियमित सफाई न होने पर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर की सड़कों पर कूड़ा रोज पसरा रहे, नालों से गंदगी झांकती रहे और लोग सफाई के लिए शिकायत करते रहें, नगर निगम को शायद इससे फर्क नहीं पड़ता। लेकिन, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की सूचना मिलते ही निगम की नींद टूट गई और सक्रियता बढ़ गई। मंगलवार को सफाई का ऐसा अभियान चला कि सड़कें चमक उठीं और जिम्मेदार खुद मैदान में नजर आए। मानो शहर की सफाई का असली दिन बुधवार ही हो।
एयरपोर्ट से मोहद्दीपुर होते हुए पैडलेगंज और वहां से हरिओम नगर, तहसील कार्यालय, कचहरी चौराहा, गोलघर होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पूरे यात्रा मार्ग की सूरत बदलने में अधिकारी जुटे रहे। महापौर मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन खड़े होकर सफाई कराते रहे। सड़क किनारे जमा कूड़ा परत-दर-परत उठवाया गया। नालों को ढक दिया गया, ताकि वीवीआईपी की नजर गंदगी पर न पड़े।
अधिकारियों की मौजूदगी में सफाईकर्मियों की ऐसी फुर्ती दिखी कि कुछ ही देर में सड़क का नजारा बदल गया। सवाल यह है कि जो कूड़ा आम दिनों में कई शिकायतों के बाद भी नहीं उठता, वह वीवीआइपी के आने पर इतनी जल्दी कैसे साफ हो जाता है? क्या सफाई के लिए संसाधनों की नहीं, सिर्फ बड़े मेहमानों के आने की जरूरत है?
यह भी पढ़ें- गोरखपुर रिंग रोड: मुआवजे के लिए कागजातों की अड़चन, आधी से कम भीड़ पहुंची GDA
बेतियाहाता के मनोज सिंह, रुस्तमपुर के नागेंद्र मिश्र और मनमोहन कनौजिया समेत कई लोगों ने कहा कि शहरवासियों को भी साफ सड़कें और ढके हुए नाले चाहिए। उन्हें रोज इसी गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है। फिर उनके लिए नगर निगम की यह तत्परता कहां चली जाती है?
महापौर और नगर आयुक्त की सड़क पर मौजूदगी अच्छी पहल है, लेकिन यह सक्रियता किसी स्वागत मार्ग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। असली स्वच्छता वीवीआइपी के गुजरने से पहले नहीं, उनके जाने के बाद भी दिखनी चाहिए। काश, रोज इसी सड़क से वीवीआइपी गुजरें। कम से कम इसी बहाने शहर को रोज सफाई तो नसीब होगी!
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।