गोरखपुर में छठ पूजा का बाजार तैयार, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
गोरखपुर में छठ पूजा के लिए थोक और फुटकर बाजार सज गए हैं, जहां सूप, दउरा, मिट्टी के बर्तन और ...और पढ़ें
HighLights
थोक के बाद फुटकर बाजार भी छठ पूजा के लिए तैयार।
सूप, दउरा, फल और मिट्टी के बर्तनों की खरीदारी जारी।
नहाय-खाय से छठ व्रत की शुरुआत, बाजारों में रौनक बढ़ी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सूर्यषष्ठी व्रत (छठ पूजा) के लिए थोक के बाद फुटकर बाजार भी सजकर तैयार हो गए हैं। सूप, दउरा, मिट्टी के बर्तन के साथ फलों की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ने लगी है। शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ छठ व्रत की शुरुआत हो गई। ऐसे में लोगों ने पहले से ही खरीदारी के साथ पर्व की तैयारी भी शुरू कर दी है, जिससे न सिर्फ उन्हें भीड़ से राहत मिल सके बल्कि पूजन में प्रयुक्त होने वाली एक-एक सामग्री समय से एकत्र कर सकें।
शहर के गोलघर, असुरन चौक, राप्तीनगर, घंटाघर, मोहद्दीपुर व धर्मशाला बाजार में छठ पूजा के लिए फलों व सब्जी की खरीदारी के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। फलों का मोल भाव करने के साथ ही दीया, कोसी, ढकनी की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में कुछ छोटे दुकानदार आसपास के गांव से ताजा हरी हल्दी, अदरक व पानी फल (सिंघाड़ा) लेकर आए हैं। वहीं पत्ता लगा गाजर व मूली की भी बिक्री हो रही है। व्यापारी लकी ने बताया कि बाजार में हल्दी व अदरक आसपास के क्षेत्रों से आई है।
इनमें फरेंदा, कुशीनगर व महराजगंज से सर्वाधिक सामग्री आई है। केले की आवक खड्डा, सिसवा व बाराबंकी से हो रही है। असुरन स्थित फल विक्रेता विशाल ने बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए हमने इस बार हर तरह के फल मंगवाएं हैं। सुथनी, अदरक, हल्दी से लेकर गंजी, सुथनी, सेवा केला, संतरा, नाशपाती, मौसमी आदि बिक्री के लिए उपलब्ध है।
बांस के साथ ही पीतल के सूप की भी मांग बढ़ी
पीतल सूप खरीदने के बाद भी कई लोग उपयोग के लिए बांस की कमाची से तैयार सूप की खरीदारी करते हैं। पीतल सूप व बर्तन के कारोबारियों के अनुसार पीतल का सूप 600 से 1100 रुपये प्रति किलो की दर पर बिकता है। ज्यादातर पीतल-कांसा का बर्तन मिर्जापुर व मुरादाबाद से आता है।
सूप व उदरा के विक्रेता शिव कुमार ने बताया कि इस बार बाजार में अधिकांश सूप व दउरा कटिहार, मऊ व छपरा से आया है। बाहर से आने के कारण भाव में तेजी बनी हुई है। बांस का दउरा जहां फुटकर में प्रति पीस 190 रुपये बिक रहा है। वहीं, सुपली 75 रुपये पीस है।
100 से 250 रुपये में बिक रही कोसी
छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं द्वारा कोसी भरी जाती है। पूजन सामग्री के साथ-साथ बाजार में पर्याप्त संख्या में कोसी उपलब्ध है। असुरन स्थित कारोबारी रवि वर्मा ने बताया कि इस बार हमने छोटी से लेकर बड़ी कोसी बनवाएं हैं, जिसकी कीमत 100 से 250 रुपये हैं। कोसी के साथ ही पूरा सेट दीया, ढकनी दिया जाता है।
फुटकर में प्रमुख फलों की कीमत
फल भाव
- नारियल 60 रुपये प्रति पीस
- अंगूर 150-200 रुपये किग्रा
- केला 50 रुपये दर्जन
- गन्ना 40 से 50 रुपये जोड़ा
- सेब 100-120 रुपये किग्रा
- संतरा 90 से 100 रुपये किग्रा
- अनार 160 से 200 रुपये किग्रा
- गागल नींबू 35-40 रुपये किग्रा
- सिंघाड़ा 60 रुपये किग्रा
- शरीफा 120-140 रुपये किग्रा
- अनानास 40-50 रुपये प्रति पीस
- नाशपाती 100 रुपये किग्रा
- मौसमी 50 से 60 रुपये किग्रा
- बेर 70 रुपये किग्रा
- अमरख 20 रुपये जोड़ा
- सुथनी 100 रुपये किग्रा
- हल्दी 100 रुपये किग्रा
- अदरक 100 रुपये किग्रा
- आम 200 रुपये किग्रा
- अमरूद 100 रुपये किग्रा
सूप व दउरा की कीमतों पर एक नजर
- सूप : 70 से 90 रुपये प्रति पीस
- दउरा : 150 से 250 रुपये प्रति पीस
- टोकरी : 140 से 250 रुपये प्रति पीस
- पीतल सूप : 550 से 1100 रुपये
- दोहरी बुनाई वाला दउरा: 250 से 550 रुपये
यह भी पढ़ें- अयोध्या से जनकपुर धाम तक सीधी रेल सेवा जल्द, भारत-नेपाल संबंध होंगे मजबूत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।