अयोध्या से जनकपुर धाम तक सीधी रेल सेवा जल्द, भारत-नेपाल संबंध होंगे मजबूत
अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच गोरखपुर के रास्ते सीधी रेल सेवा जल्द शुरू होने की उम्मीद है। यह 'रामायण ...और पढ़ें

प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की संभावित भारत यात्रा (22 नवंबर) के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच गोरक्षनगरी के रास्ते सीधी रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद भी बढ़ गई है। लंबे इंतजार के बाद भारत सरकार की महत्वाकांक्षी 'रामायण सर्किट योजना' के तहत प्रस्तावित भारत-नेपाल ट्रेन जल्द शुरू हो सकती है। नई ट्रेन चलाने के लिए नेपाल मंत्रालय ने जनकपुर जयनगर रेल खंड के विभिन्न स्टेशनों की स्थिति और रेलवे ट्रैक को दुरुस्त कर लिया है। नेपाल सरकार ने भारत से अपनी तैयारियां भी साझा कर ली हैं।
जयनगर-जनकपुर-कुर्था रेलखंड पर रेल लाइनों का निरीक्षण व स्पीड ट्रायल जारी है। भारत और नेपाल के संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने हाल ही में जयनगर से जनकपुर और कुर्था तक ट्रायल के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न स्टेशनों पर स्टेशन अधीक्षकों और आपरेटिंग कर्मचारियों से यातायात व्यवस्था की जानकारी ली।
कंट्रोल रूम, पैनल रूम, सिग्नल सिस्टम, ट्रैक चेंज, ट्रेन संचालन और यात्रियों के सुरक्षित आवागमन से जुड़े बिंदुओं की पड़ताल की गई है। अधिकारियों ने तकनीकी कमियों और परिचालन से जुड़ी जरूरतों पर आपस में चर्चा की।
सुरक्षा एजेंसियों ने भी रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। नेपाल तक ट्रेन चलाने केे लिए दोनों देशों के बीच अंतिम सहमति और परिचालन संबंधी औपचारिकताएं अभी बाकी हैं, जिसे यथाशीघ्र पूरी होने की उम्मीद है।
अयोध्या-जनकपुर नई ट्रेन का प्रस्ताव उत्तर रेलवे ने तैयार किया है। अयोध्या कैंट से जनकपुर के बीच 03219/03220 नंबर की साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना है। यह ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा और जयनगर के रास्ते नेपाल के जनकपुर पहुंचेगी। भारत-नेपाल रेल सेवा के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
रामायण से जुड़े दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को सड़क मार्ग के अलावा सीधी रेल यात्रा का विकल्प मिल सकेगा। भारत और नेपाल के सांस्कृतिक एवं धार्मिक संबंधों को नई मजबूती भी मिलेगी।
नेपाल सरकार ने पूरी कर ली है अपनी तैयारी
नेपाल सरकार ने पिछले साल ही नई ट्रेन चलाने की अपनी तैयारी लगभग पूरी कर ली थी। लेकिन, नेपाल में राजनीतिक उथल-पुथल के चलते 'रामायण सर्किट योजना' ठंडे बस्ते में चली गई थी। नई सरकार बनने और नेपाल के प्रधानमंत्री के भारत दौरे के बाद इस योजना ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर रेलवे के प्रस्ताव के अनुसार नई ट्रेन जनकपुर से शनिवार को दोपहर 01:30 बजे अयोध्या के लिए प्रस्थान कर अगले दिन रविवार को सुबह 4:00 बजे अयोध्या पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- 'राम भरोसे' रामजानकी मार्ग का हाल, दिवाली बीत गई; पर कब संवरेंगी राहें
अयोध्या से यह ट्रेन शाम 05:00 बजे प्रस्थान कर मंगलवार को सुबह 8:00 बजे जनकपुर पहुंचेगी। हालांकि, टाइम टेबल अभी फाइनल नहीं हुआ है। टाइम टेबल आदि को लेकर मंथन जारी है। ट्रेन को शुरुआत में साप्ताहिक स्पेशल के रूप में चलाने के बाद नियमित करने की योजना है।
गोरखपुर से सीतामढ़ी तक बिछेगी डबल रेल लाइन
रेल मंत्रालय ने गोरखपुर- नरकटियागंज लगभग 125 किमी से आगे और करीब 256 किलोमीटर रेल लाइन के दोहरीकरण को भी मंजूरी दी है। इसमें बिहार के नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी-दरभंगा एवं सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर खंड का दोहरीकरण (डबल रेल लाइन) शामिल है। इस रेल लाइन पर 4,553 करोड़ रुपये खर्च होंगे और 87 लाख रोजगार का सृजन होगा। 162 करोड़ किलोग्राम कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। गोरखपुर से वाल्मीकिनगर तक डबल रेल लाइन निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।