UP News: गोरखपुर में सीसीटीवी की नजर में रहेगी चटोरी गली, मिलेगी फ्री वाई-फाई
गोरखपुर के इंदिरा बाल विहार को चटोरी गली के रूप में नई पहचान मिलेगी। नगर निगम यहां फ्री वाई-फाई और सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहा है। रंगीन फसाड लाइटें इसे आकर्षक बनाएंगी। 30 मीटर के दायरे में हाई-स्पीड इंटरनेट मिलेगा। दुकानों के साइनेज बोर्ड एक ही फॉन्ट में होंगे। यह फूड स्ट्रीट स्थानीय संस्कृति और कला का केंद्र बनेगी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। वैसे तो इंदिरा बाल विहार खानपान के शौकीनों के लिए लंबे अरसे से एक पसंदीदा ठिकाना रहा है, लेकिन इसे 'चटोरी गली' के रूप में नई पहचान मिलने वाली है। इस गली में प्रवेश करते ही लोगों को बिल्कुल नया एहसास मिलेगा। रात के समय एक रंग की फसाड लाइटें फूड स्ट्रीट को जादुई और आकर्षक रूप देगी, जो यहां आने वालों को और ज्यादा आकर्षित करेंगी।
यहां लगने वाले सीसीटीवी कैमरे परिवार के साथ आने वाले लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाएंगे। वहीं, हाई स्पीड वाई-फाई की सुविधा इंटरनेट की दुनिया से जुड़े रहने में आपका साथी बनेगा।नगर निगम यहां फ्री वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ सीसीटीवी कैमरा लगाने जा रहा है।
शहर के हृदयस्थली गोलघर इलाके में नगर निगम के द्वारा विकसित की जा रही फूड स्ट्रीट ''''चटोरी गली'''' अब अपने नए स्वरूप में आने लगी है। फूड स्ट्रीट सिर्फ खाने के लिए ही नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति और कला को भी दर्शाती हैं। यह पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एक सांस्कृतिक केंद्र बन जाती हैं।
फूड स्ट्रीट की इस गली के प्रवेश द्वार स्थित इंदिरा गांधी तिराहे और वीर बहादुर सिंह तिराहे जहां भव्यता का तो स्ट्रीट में लगाई जा रही अर्नामेंटल और फसाड लाइटें पुरातन के साथ आधुनिकता का एहसास कराएंगी। फसाड लाइटों के लिए स्ट्रक्चर लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है।
इन सभी पर एक ही रंग की लगने वाली फ़साड लाइटें रात को और खूबसूरत बना देंगी। वहीं, इस गली में प्रवेश करते ही कोबल स्टोन से बनी सड़क पुराने जमाने की सड़कों की एहसास कराएंगी। इसके दोनों ओर कैनोपी लगे बेंच अपनों के साथ बैठकर समय बिताने का एक बेहतरीन अनुभव प्रदान करेंगे।
30 मीटर में फ्री वाई-फाई की सेवा
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर यहां फ्री वाई-फाई की सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस वाई-फाई के जरिए इंदिरा गांधी तिराहे से लेकर वीर बहादुर सिंह तिराहे के बीच हाई स्पीड इंटरनेट की सेवा मिलेगी। वीर बहादुर तिराहे पर बनाए गए नगर निगम के शेड में इसका कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसके अलावा यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि यहां आने शहर के लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
एक ही फांट में होंगे दुकानों के नाम
इन फसाड लाइटें के बीच दुकानों के साइनेज बोर्ड लगे होंगे। इनकी खासियत यह होगी कि इन सभी दुकानों के नाम एक ही फांट में लिखे हुए होंगे। दुकानदारों को आठ तरह के फांट उपलब्ध कराए गए हैं ताकि सब इनमें से एक फांट पर सहमति बना लें। इन बोर्ड के आकार भी एक ही होंगे।
चटोरी गली में फ्री वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, जो सुरक्षा का एहसास कराएंगे।
-अमित कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता, नगर निगम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।