गोरखपुर में 944 का लक्ष्य, 831 पर अटका महिला वोटर अनुपात, तेज हुआ अभियान
गोरखपुर में मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका लक्ष्य महिला-पुरुष ...और पढ़ें

लिंगानुपात सुधारने को चल रहे अभियान में प्रशासन ने आधा दर्जन विभागों से भी मांगा गया सहयोग।
HighLights
गोरखपुर में महिला मतदाता अनुपात 831 से 944 करने का लक्ष्य।
कम महिला मतदाताओं वाले 180 बूथों पर विशेष अभियान केंद्रित।
नवविवाहिताओं, युवाओं और दिव्यांगों को सूची में जोड़ने पर जोर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ने महिला कल्याण, उच्च व माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा विभाग, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण विभाग को भी अभियान में सहयोग करने के लिए निर्देशित किया है।
जिले में महिला-पुरुष मतदाताओं के अनुपात में अंतर कम करने के लिए सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे बूथ चिह्नित किए जा रहे हैं, जहां महिला मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है। प्रारंभिक चरण में कुल 180 बूथों पर विशेष अभियान चलाकर छूटी हुई पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। साथ ही पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं और अन्य पात्र लोगों के भी फार्म-6 भरवाए जाएंगे।
एसआइआर के बाद जिले में महिला मतदाताओं का अनुपात 831 प्रति एक हजार पुरुष मतदाता है, जबकि अपेक्षित अनुपात 944 है। इसी अंतर को कम करने के लिए बूथ स्तर पर दोबारा पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को कम महिला मतदाता वाले बूथों पर स्थिति की वजह पता करने के साथ पात्र महिलाओं के नाम सूची में शामिल कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान का दायरा केवल छूटी महिलाओं तक सीमित नहीं है। हाल में विवाह के बाद जिले में आई नवविवाहिताओं के नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को पहली बार मतदाता बनाने के लिए भी फार्म-6 भरवाए जा रहे हैं। बेघर और दिव्यांग पात्र मतदाताओं को भी सूची में शामिल कराने का निर्देश है।
खजनी में सबसे कम महिला मतदाता अनुपात
विधानसभा क्षेत्रों में खजनी का महिला मतदाता अनुपात सबसे कम 792 है। इसके बाद बांसगांव में 802, चिल्लूपार में 811, सहजनवा में 812, कैंपियरगंज में 824, चौरीचौरा में 829, पिपराइच में 831, गोरखपुर ग्रामीण में 861 और गोरखपुर शहर में 897 है। शहर का अनुपात जिले में सर्वाधिक होने के बावजूद 944 के अपेक्षित स्तर से कम है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में जेई का कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे, बोलने वाला बिजलीकर्मी हटाया गया
एसआइआर के बाद जिले में कुल 32,61,138 मतदाता हैं। इनमें 17,81,095 पुरुष और 14,79,852 महिला मतदाता हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व व उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सबसे कम महिला अनुपात वाले बूथ चिह्नित कर एसडीएम को सूची दी गई है। इन बूथों पर महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ अन्य पात्र लोगों के भी फार्म-6 भरवाए जा रहे हैं। लक्ष्य है कि चुनाव से पहले कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे।
