गोरखपुर एयरबेस की सुरक्षा पर बड़ा कदम, 10 किमी के दायरे में पतंगबाजी और कबूतरबाजी पर लगेगी लगाम
गोरखपुर वायुसेना स्टेशन पर विमानों की सुरक्षित उड़ान सुनिश्चित करने के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक होगी। इसमें एयरफील्ड के 10 ...और पढ़ें

गोरखपुर एयरपोर्ट। जागरण
HighLights
विमानों की सुरक्षित उड़ान हेतु उच्चस्तरीय बैठक होगी।
10 किमी दायरे में पतंगबाजी, कबूतरबाजी पर रोक लगेगी।
कचरा प्रबंधन, यातायात सुधार पर भी चर्चा होगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विमानों की सुरक्षित उड़ान में बाधा बनने वाले कारकों पर अंकुश लगाने के लिए जल्द ही वायुसेना स्टेशन गोरखपुर में उच्चस्तरीय बैठक होगी। एयरफील्ड एनवायरनमेंट मैनेजमेंट कमेटी (एईएमसी) की इस बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त करेंगे। वायुसेना स्टेशन स्थित लायड हाल में होने वाली बैठक में एयरफील्ड के आसपास पतंगबाजी, कबूतरबाजी और अनधिकृत ड्रोन संचालन पर रोक लगाने के साथ ही कचरा प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सुधारने पर चर्चा होगी।
प्रत्येक छह महीने पर होने वाली इस बैठक में नागरिक प्रशासन और वायुसेना के अधिकारी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। स्टेशन एयरोस्पेस सेफ्टी एंड इंस्पेक्शन आफिसर विंग कमांडर दीपांश शर्मा बैठक के सचिव होंगे। बैठक में एयरफील्ड के 10 किलोमीटर के दायरे में पतंग उड़ाने और कबूतर पालने पर प्रतिबंध लगाने के लिए आदेश जारी करने का मुद्दा प्रमुखता से उठेगा।
इसके अलावा एयरफील्ड के आसपास अनधिकृत ड्रोन उड़ाने पर रोक लगाने के उपायों पर भी चर्चा होगी। रामगढ़ ताल और नंदानगर क्षेत्र में खुले में कचरा फेंकने पर रोक लगाने तथा ठोस और तरल कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था बनाने पर जोर रहेगा। एयरफील्ड के 20 किलोमीटर के दायरे में मृत पशुओं के निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा होगी।
बस स्टैंड की शिफ्टिंग और जाम का मुद्दा भी उठेगा
वायुसेना के तकनीकी क्षेत्र की दीवार के सामने एक अक्टूबर 2023 को स्थानांतरित किए गए बस स्टैंड का मुद्दा भी बैठक के एजेंडे में शामिल है। यहां यात्रियों की भीड़ और खाद्य पदार्थों की दुकानें सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बनी हुई हैं। नंदानगर पुलिस चौकी से आकाश विहार गेट तक रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम और सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर अवैध पार्किंग की समस्या पर भी चर्चा होगी। पार्किंग और जाम के कारण आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में होने वाली देरी को रोकने के उपाय तलाशे जाएंगे।
इसके अलावा वायुसेना क्षेत्र के आसपास अवैध खाद्य दुकानों, झुग्गियों, ढाबों और बूचड़खानों पर कार्रवाई का मुद्दा उठेगा। इन स्थानों से निकलने वाला कचरा पक्षियों को आकर्षित करता है, जिससे विमानों के लिए खतरा पैदा होता है। बैठक में वायुयान अधिनियम 1934 और भारतीय वायुयान नियम 1937 के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी विचार होगा। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को इसके लिए तिथि तय थी, जिसे अगली तिथि तक स्थगित कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बना अजब संयोग, एक ही बैच के चार IAS दोस्त संभाल रहे शहर के विकास की कमान
ये अधिकारी होंगे शामिल
बैठक में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, प्रभागीय वनाधिकारी, नगर निगम के मुख्य चिकित्सा अधिकारी और गोरखपुर एयरपोर्ट के निदेशक को आमंत्रित किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।