गोरखपुर में बना अजब संयोग, एक ही बैच के चार IAS दोस्त संभाल रहे शहर के विकास की कमान
गोरखपुर में 2020 बैच के चार IAS अधिकारी शहर के नियोजित विस्तार, औद्योगिक निवेश, नगर निगम व्यवस्था और ग्रामीण विकास ...और पढ़ें

नवागत सीडीओ अभिषेक कुमार, विशाल कुमार सीईओ गीडा, नगर आयुक्त अजय जैन और जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल
HighLights
2020 बैच के चार IAS अधिकारी गोरखपुर में महत्वपूर्ण पदों पर।
शहर के विकास, निवेश, ग्रामीण कार्यों की जिम्मेदारी इन्हीं पर।
आपसी तालमेल और मित्रता से विकास में सहयोग की उम्मीद।
अरुण चन्द, गोरखपुर। गोरखपुर के प्रशासनिक गलियारे में इन दिनों 2020 बैच की खूब चर्चा है। वजह भी खास है। शहर के नियोजित विस्तार से लेकर औद्योगिक निवेश, नगर निगम की व्यवस्थाओं और ग्रामीण विकास तक की कमान एक ही बैच के चार आईएएस अधिकारियों के हाथों में है।
दिलचस्प यह कि इसी बैच के आईपीएस अधिकारी निमिष पाटील भी एसपी सिटी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। एक ही बैच के इन अधिकारियों की तैनाती ने प्रशासनिक संयोग को चर्चा का विषय बना दिया है। इनमें आपसी मित्रता भी है।

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त अजय जैन, गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सीईओ विशाल कुमार और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार इसी बैच के अधिकारी हैं।
चारों के कार्यक्षेत्र अलग हैं, लेकिन इनके फैसलों का असर शहर और जिले के विकास पर पड़ता है। जीडीए शहर के विस्तार और आवासीय योजनाओं की रूपरेखा बनाता है तो नगर निगम नागरिक सुविधाओं का जिम्मा संभालता है। गीडा के जरिए औद्योगिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा मिलता है। सीडीओ के जिम्मे ग्रामीण विकास की योजनाएं हैं। वहीं कानून-व्यवस्था के शहरी मोर्चे पर इसी बैच के निमिष पाटील तैनात हैं।
लखीमपुर से गोरखपुर पहुंचे अभिषेक
इसी टीम की चौथी प्रशासनिक कड़ी के रूप में अभिषेक कुमार ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी का कार्यभार संभाल लिया। वह सुबह 10 बजे विकास भवन स्थित कार्यालय पहुंचे। सोमवार देर शाम जिलाधिकारी आवास पर ही पदभार ग्रहण कर चुके थे। मूल रूप से बिहार के रहने वाले अभिषेक 2020 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
जालौन में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, हापुड़ और लखीमपुर खीरी में सीडीओ रह चुके हैं। लखीमपुर में उन्होंने करीब दो वर्ष तीन महीने तक जिम्मेदारी निभाई। 15 सितंबर 2026 को उनका तबादला आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव के पद पर हुआ था। वहां से अब गोरखपुर भेजे गए हैं।
अभिषेक कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को समय से पूरा कराना और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। गुणवत्ता और पारदर्शिता पर भी ध्यान दिया जाएगा।
अब तालमेल की होगी असली परीक्षा
एक ही बैच के अधिकारियों के पास विकास और शहरी प्रशासन की अहम जिम्मेदारियां होना अपने आप में दिलचस्प है। हालांकि इसे मुख्यमंत्री का विशेष प्रयोग कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन जीडीए, नगर निगम, गीडा और विकास विभाग के बीच बेहतर तालमेल बना तो इसका असर जमीन पर दिख सकता है। अब इस प्रशासनिक संयोग की असली कसौटी विभागों के बीच समन्वय और विकास परियोजनाओं के परिणाम होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।