विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर से आज चुनावी शंखनाद करेंगे अखिलेश यादव, एयरपोर्ट से देवकही तक निकालेंगे 20 KM लंबा रोड शो

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:30 AM (IST)

अखिलेश यादव गोरखपुर में 20 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे और शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

अखिलेश यादव

अखिलेश यादव

HighLights

  1. अखिलेश यादव गोरखपुर में 20 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे।

  2. शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण, बिन्नू सिंह को श्रद्धांजलि।

  3. सपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पूर्वांचल में तैयारी कर रही है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी गोरखपुर के रास्ते पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को चौरीचौरा की ऐतिहासिक धरती पर उतरेंगे।

देवकही गांव में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद पूर्व छात्रनेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे। एयरपोर्ट से देवकही तक पीडीए रथ पर उनका रोड शो होगा। यह आयोजन सपा की चुनावी ताकत और संगठन की सक्रियता परखने का बड़ा मौका होगा।

अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से करीब 20 किलोमीटर का रोड शो शुरू होगा। इसकी अवधि दो घंटे से अधिक रखी गई है। पहले जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को बुलाने की तैयारी थी। अब पूर्वी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बुलाए गए हैं। पार्टी ने एक लाख से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी का लक्ष्य रखा है।

क्रांतिकारी विरासत के साथ स्थानीय समीकरण पर दांव

चौरीचौरा की क्रांतिकारी पहचान को आयोजन का केंद्र बनाकर सपा क्षेत्रीय जुड़ाव मजबूत करना चाहती है। बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण इसी रणनीति का हिस्सा है। वहीं, बिन्नू सिंह की पुण्यतिथि पर सभा के आयोजन से स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश है।

पार्टी की नजर सिर्फ चौरीचौरा तक सीमित नहीं है। इस आयोजन के जरिये गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर कार्यकर्ताओं में सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनाव के लिए जमीन तैयार करने की कवायद है।

टप्पू सपा में होंगे शामिल, चौरीचौरा से दावेदारी की चर्चा

पूर्व छात्रनेता स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। अखिलेश यादव उन्हें सदस्यता दिलाएंगे। टप्पू इस आयोजन की तैयारियों की कमान भी संभाल रहे हैं।

राजनीतिक हलकों में उन्हें चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से सपा का संभावित प्रत्याशी माना जा रहा है। हालांकि पार्टी ने अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही चौरीचौरा में सपा की चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज होंगी।

तिवारी हाता जाएंगे अखिलेश, आधे घंटे रुकेंगे

चौरीचौरा के देवकही में कार्यक्रम के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के आवास तिवारी हाता जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 3.30 बजे देवकही से रवाना होंगे और 3.45 बजे धर्मशाला स्थित तिवारी हाता पहुंचेंगे। यहां करीब आधे घंटे रुकने के बाद 4.15 बजे एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 4.45 बजे विमान से लखनऊ रवाना होंगे।

यह भी पढ़ें- 'उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है एकमात्र लक्ष्य'; सहारनपुर में बोले हरीश रावत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।