'उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है एकमात्र लक्ष्य'; सहारनपुर में बोले हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सहारनपुर में कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है।

छुटमलपुर में कार्यकर्ताओं से वार्ता करते पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत
HighLights
उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत सरकार बनाना एकमात्र लक्ष्य।
यूपी में सपा संग गठबंधन, सीटों पर कमेटी गठित होगी।
भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा मुद्दों पर हमला।
संवाद सूत्र, सहारनपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य हरीश रावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर कमेटी गठित कर सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता भी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।
नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के बुलावे पर बैठक में शामिल होने के बाद देहरादून लौटते समय हरीश रावत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव मुजतबा एडवोकेट के प्रतिष्ठान पर पहुंचे।
यहां उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना और कम से कम 50 सीटें जीतना है। पार्टी नेतृत्व जो जिम्मेदारी देगा,उसका पालन करेंगे।
उन्होंने प्रदेश में महिला सुरक्षा, उत्पीड़न, कानून व्यवस्था,अवैध खनन और भ्रष्टाचार को प्रमुख चुनावी मुद्दा बताया। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने एक भाजपा नेत्री और उनके पति से जुड़े 210 करोड़ रुपये की संपत्ति के खुलासे पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।स्टिंग प्रकरण पर भी उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि लेनदेन साबित किया जाए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी और उत्तराखंड को नई दिशा दी जाएगी। इस दौरान हसीब मलिक, मनोज चौधरी,अरशद मलिक, परवेज मलिक,अजीम मलिक, असजद मलिक और राव यूसुफ आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।