विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में किन्नर पति की हत्या का खुलासा, क्षेत्र के बंटवारे की रंजिश में हुई थी फायरिंग; 6 आरोपित गिरफ्तार

By Satish Kr PandeyEdited By: Vivek Shukla
Published: Thu, 26 Nov 2026 12:16 PM (IST)

गोरखपुर में किन्नर बिजली के पति रविकेश गौतम की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। क्षेत्र बंटवारे की रंजिश में सुपारी देकर हमला कराया गया था, जिसमें छह आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं।

गगहा पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपित। जागरण

गगहा पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपित। जागरण

HighLights

  1. किन्नर के पति रविकेश गौतम की हत्या का पर्दाफाश।

  2. क्षेत्र बंटवारे की रंजिश में सुपारी देकर हमला।

  3. पुलिस ने छह आरोपितों को किया गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गगहा क्षेत्र के सुमही गांव निवासी बिजली किन्नर के पति रविकेश गौतम की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। किन्नरों के बीच क्षेत्र के बंटवारे को लेकर चल रही रंजिश में सुपारी देकर रविकेश और उनकी पत्नी बिजली किन्नर पर हमला कराया गया था। पुलिस ने साजिश में शामिल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, पांच कारतूस, चार मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त चारपहिया व दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।

19 नवंबर की रात करीब आठ बजे बिजली किन्नर अपने पति रविकेश गौतम और अन्य लोगों के साथ भैंसा बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान कलानी मोड़ के पास कार सवार हमलावरों ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से रविकेश की मृत्यु हो गई, जबकि बिजली किन्नर घायल हो गई थीं। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी थीं।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मनचली उर्फ सन्नी किन्नर की बिजली किन्नर से क्षेत्र के बंटवारे को लेकर रंजिश थी। इसी विवाद में मनचली ने अजय शर्मा उर्फ दुर्गेश शर्मा के माध्यम से शेख उर्फ मित्रपाल से संपर्क किया। इसके बाद बिजली किन्नर और उनके पति रविकेश की हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार, इसी योजना के तहत हमलावरों ने दंपती पर फायरिंग की थी।

पुलिस ने धर्मप्रकाश उर्फ अंकित कुमार निवासी महरूपुर, थाना जीयनपुर, आजमगढ़; करन कुमार और दुर्गेश कुमार उर्फ लालू निवासी बलिदपुर (कोड़रा); सूरज कुमार निवासी बलिदपुर, थाना मोहम्मदाबाद गोहना, मऊ; मनचली उर्फ सन्नी किन्नर निवासी खटिकाना मोहल्ला, गोला और अजय शर्मा उर्फ दुर्गेश शर्मा निवासी सोनइचा, थाना गगहा को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में अब 29 नवंबर से शुरू होगा गीडा स्थापना दिवस, एक दशक में 20 हजार करोड़ का निवेश

आरोपितों के कब्जे से दो अवैध .32 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक चारपहिया और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में चली तबादला एक्सप्रेस, चार थानेदार समेत 12 निरीक्षक-दारोगा का कार्यक्षेत्र बदला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।