विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में अब 29 नवंबर से शुरू होगा गीडा स्थापना दिवस, एक दशक में 20 हजार करोड़ का निवेश

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:46 AM (IST)

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का 37वां स्थापना दिवस अब 29 नवंबर से शुरू होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं। पिछले दस वर्षों में गीडा में 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जिससे औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

गीडा स्थापना दिवस। जागरण

गीडा स्थापना दिवस। जागरण

HighLights

  1. गीडा स्थापना दिवस अब 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं कार्यक्रम का शुभारंभ।

  3. पिछले दशक में गीडा में 20 हजार करोड़ का निवेश।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह की तारीख में बदलाव किया गया है। अब 30 नवंबर के बजाय 29 नवंबर से तीन दिवसीय आयोजन शुरू होगा। एक दिसंबर को समारोह का समापन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 नवंबर को कार्यक्रम का शुभारंभ कर सकते हैं। इस दौरान वह गीडा की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ उद्यमियों और कर्मियों को भूमि एवं फ्लैट आवंटन के प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे।

समारोह के लिए प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन के दौरान औद्योगिक निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले का भी उद्घाटन करेंगे। इसमें स्थानीय उत्पादों के साथ उद्यमियों को अपने कारोबार के विस्तार और नए बाजार तलाशने का अवसर मिलेगा।

खास बात यह है कि इस बार एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के साथ एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना के उत्पादों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा।
गीडा की औद्योगिक तस्वीर पिछले दस वर्षों में तेजी से बदली है। इस अवधि में यहां करीब 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। केयान इंडस्ट्रीज ने 1200 करोड़, पेप्सिको की फ्रेंचाइजी वरुण बेवरेजेज ने 1100 करोड़, कोका कोला की फ्रेंचाइजी अमृत बाटलर्स ने करीब 800 करोड़ और अंकुर उद्योग ने 500 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

इसके अलावा इंडिया आटोव्हील्स ने 400 करोड़, एसडी इंटरनेशनल ने 300 करोड़, सीपी मिल्क एंड फूड्स (ज्ञान डेयरी) ने 118 करोड़, तत्वा प्लास्टिक्स ने 105 करोड़ और कपिला कृषि उद्योग ने 100 करोड़ रुपये की पूंजी लगाई है। इन कंपनियों के निवेश से गीडा में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में चली तबादला एक्सप्रेस, चार थानेदार समेत 12 निरीक्षक-दारोगा का कार्यक्षेत्र बदला


ट्रेड शो में होगी बायर-सेलर मीट
गीडा और एमएसएमई विभाग की ओर से गोरखपुर ट्रेड शो-2026 आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 29 नवंबर को स्थानीय उद्यमियों और सरकारी व निजी क्षेत्र के खरीदारों के बीच बायर-सेलर मीट होगी। इसके साथ तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभागीय योजनाओं, निर्यात, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) की प्रक्रिया और रैम्प से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। तीन दिवसीय आयोजन में औद्योगिक प्रदर्शनी, उद्यमी संवाद और तकनीकी सत्र प्रमुख आकर्षण होंगे।

यह भी पढ़ें- मनीष गुप्ता हत्याकांड: गोरखपुर में पुलिस पिटाई से मौत, CBI को सौंपी गई थी जांच

तीन दिवसीय गीडा स्थापना दिवस समारोह 29 नवंबर से शुरू होकर एक दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री द्वारा इसका शुभारंभ किया जाना प्रस्तावित है। आयोजन में औद्योगिक प्रदर्शनी के साथ तकनीकी सत्र और उद्यमी संवाद भी होंगे।

-

- विशाल कुमार, सीईओ, गीडा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।