गोरखपुर में 2000 करोड़ की 150 एकड़ जमीन कब्जामुक्त, बदलेंगी शहर की सूरत
गोरखपुर नगर निगम ने सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर 169 स्थानों से लगभग 150 एकड़ भूमि मुक्त कराई है। इस भूमि की अनुमानित कीमत 2000 करोड़ रुपये है, जिसका उपयोग अब शहर के विकास और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए किया जाएगा।

गोरखपुर में 165 गांवों में हटाया अतिक्रमण। जागरण
HighLights
नगर निगम ने 150 एकड़ सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई।
मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत 2000 करोड़ रुपये।
अब इस भूमि पर शहर के विकास की योजना।
राजीव रंजन, गोरखपुर। सरकारी भूमि पर कहीं दुकानें तो कहीं दूसरे निर्माण खड़े कर दिए गए थे। कई जगहों पर बेशकीमती भूमि पर वर्षों से कब्जा था। नगर निगम ने अभियान चलाकर ऐसे भूमि को कब्जामुक्त कराकर अपने लैंड बैंक में जबरदस्त इजाफा किया है। अब नगर निगम ने ऐसी भूमि को अपने कब्जे में लेकर शहर के विकास के लिए उनका रास्ता खोल दिया है।
165 गांवों में चलाए गए अभियान के दौरान 169 स्थानों से 60.690 हेक्टेयर सरकारी भूमि खाली कराई गई है। करीब 149.89 एकड़ में फैली इस भूमि की अनुमानित कीमत 2,000 करोड़ रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि नगर निगम ने अब इस संपत्ति पर शहर की जरूरतों को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करने की तैयारी शुरू कर दिया है।
मुक्त कराई गई भूमि का ब्योरा नगर निगम के अभिलेखों में 297 गाटा नंबरों के रूप में दर्ज है। इनमें कई स्थान ऐसे हैं, जहां जमीन की कीमत करोड़ों रुपये में है। इन संपत्तियों को कब्जामुक्त कराने के बाद इनके उपयोग की योजना तैयार की गई है। इससे शहर में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए जमीन की उपलब्धता बढ़ेगी।
चार स्थानों की भूमि की कीमत ही 1100 करोड़ रुपये से अधिक
कब्जामुक्त कराई गई भूमि में एकला बांध के पास बगिया टोला की भूमि सबसे अधिक मूल्यवान बताई गई है। इसकी अनुमानित कीमत 364 करोड़ रुपये है। मेवातीपुर उर्फ चैनपुर में घोष कंपनी चौराहे की जमीन 297 करोड़ रुपये की है।
मेहदवा में पुलिस चौकी ट्रांसपोर्ट नगर के दक्षिण स्थित भूमि का मूल्य 234.45 करोड़ और गुलरिहा थाने के पश्चिम की जमीन का मूल्य 205 करोड़ रुपये आंका गया है। इन चार स्थानों की जमीन का कुल अनुमानित मूल्य ही 1,100 करोड़ रुपये से अधिक है।
इसके अलावा जटेपुर में शिप्रा लान के बगल की जमीन 45 करोड़, सहारा स्टेट गेट के सामने सिक्टौर की जमीन 30 करोड़ और मेहदवा में आकृति शोरूम आर्बिट के पूर्व की भूमि 22.20 करोड़ रुपये की है। बशारतपुर में सुइडिया कुआं के पास की जमीन का मूल्य 20.16 करोड़ और झरवा खिरवनिया मार्ग की जमीन का मूल्य 18.80 करोड़ रुपये है।
खोराबार उर्फ सूबा बाजार में मेडिसिटी स्थित बीआरडी मेडिकल कालेज अस्पताल के पास की जमीन 18 करोड़, जंगल तिकोनिया नंबर एक में पिपराइच रोड पर पूर्व विधायक के फार्म हाउस के पास की जमीन 17 करोड़ और महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर तीन के सैनिक विहार कालोनी की जमीन 16 करोड़ रुपये की बताई गई है।
भूमि के इस्तेमाल से बदलेंगी शहर की सुविधाएं
नगर निगम ने खाली कराई गई भूमि पर कई तरह की परियोजनाएं विकसित करने का प्रस्ताव बनाया है। कहीं आटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित होगा तो कहीं कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए एमआरएफ सेंटर बनाया जाएगा। ई-आटो चार्जिंग स्टेशन, पशु शवदाह गृह, कल्याण मंडपम, सरकारी बोरिंग, पुलिस चौकी, एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर और वमन हास्टल भी प्रस्तावित हैं। कुछ स्थानों पर निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर पेट्रोल पंप से एक लाख 41 हजार रुपये चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
नंबर गेम
- 2000 करोड़ मुक्त कराई गई भूमि की कीमत
- 165 अभियान में शामिल गांव
- 169 जगहों पर की गई कार्रवाई
- 148.89 एकड़ मुक्त कराई गई भूमि
- 297 गाटा नंबरों में दर्ज भूमि
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बाइक से स्टंटबाजी कर किशोरी पर फेंका जलता पटाखा, पैर में आई गंभीर चोट
नगर निगम ने करीब 2000 करोड़ की कीमत की भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है। इन भूमि पर निगम की ओर से विभिन्न परियोजनाओं को मूर्तरूप देने की योजना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर को नई सुविधाएं मिलेंगी और सरकारी जमीन का उपयोग भी सुनिश्चित होगा।
-अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त व अतिक्रमण प्रभारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।