विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में गीडा स्थापना दिवस पर सजेगा उद्योगों का मंच, निवेश और रोजगार पर होगा मंथन

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:04 AM (IST)

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक अपना स्थापना दिवस मनाएगा, जिसका उद्देश्य पूर्वांचल में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देना है। इस तीन दिवसीय समारोह में औद्योगिक प्रदर्शनी, उद्यमियों का सम्मान और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर शामिल होंगे, साथ ही गीडा की भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा।

तीन दिवसीय समारोह में दिखेगी पूर्वांचल के औद्योगिक विकास की तस्वीर। जागरण

तीन दिवसीय समारोह में दिखेगी पूर्वांचल के औद्योगिक विकास की तस्वीर। जागरण

HighLights

  1. गीडा स्थापना दिवस पर औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा।

  2. उत्पादों की प्रदर्शनी, उद्यमियों को सम्मान मिलेगा।

  3. युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, कौशल विकास पर चर्चा।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को नई पहचान देने और निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने के लिए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) अपना स्थापना दिवस इस बार खास अंदाज में मनाने की तैयारी कर रहा है। 30 नवंबर से दो दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय समारोह में उद्योग, निवेश, रोजगार और उद्यमिता का संगम देखने को मिलेगा।

औद्योगिक इकाइयों के उत्पादों की प्रदर्शनी से लेकर उद्यमियों के सम्मान और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों तक, आयोजन को उद्योग जगत और आम लोगों के लिए उपयोगी बनाने की रूपरेखा तैयार की गई है। गीडा सीईओ विशाल कुमार ने अधिकारियों के साथ तैयारी बैठक की।

गीडा प्रशासन इस समारोह को केवल स्थापना दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि इसे पूर्वांचल में औद्योगिक संभावनाओं को प्रदर्शित करने और नए निवेशकों को आकर्षित करने के मंच के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए चार प्रमुख गतिविधियां प्रस्तावित की गई हैं। साथ ही समारोह में उन उद्यमियों को विशेष रूप से सम्मानित करने की तैयारी है, जिन्होंने निर्धारित समय में अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर उत्पादन शुरू किया है। ऐसे निवेशकों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, जिनकी परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। इसके जरिए नए निवेशकों को भी गोरखपुर में उद्योग लगाने के लिए प्रेरित करने की योजना है।

उत्पादों की प्रदर्शनी में दिखेगी औद्योगिक ताकत
इसमें प्लास्टिक पार्क, गारमेंट पार्क सहित गीडा की विभिन्न औद्योगिक इकाइयां अपने उत्पादों के स्टाल लगाएंगी। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को पता चलेगा कि गोरखपुर में किन-किन क्षेत्रों में उत्पादन हो रहा है और स्थानीय उद्योग किस तरह अपनी पहचान बना रहे हैं। उद्यमियों को भी अपने उत्पादों की ब्रांडिंग और संभावित खरीदारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।

उद्यमियों को सम्मान, युवाओं को रोजगार का अवसर
गीडा एसीईओ रामप्रकाश ने बताया कि औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्यमियों और निवेशकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें समय से औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने और रोजगार सृजन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले उद्यमी शामिल होंगे। वहीं, युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने के लिए विशेष सत्र आयोजित होंगे। इनमें प्रमुख औद्योगिक इकाइयों और स्टार्टअप की भागीदारी रहेगी। कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।

फिल्म में दिखेगा गीडा का सफर और भविष्य की योजनाएं
समारोह में गीडा की अब तक की विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर आधारित विशेष लघु फिल्म और वृत्तचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। इसमें गीडा विस्तार और धुरियापार औद्योगिक कारीडोर जैसी प्रस्तावित योजनाओं को भी दर्शाया जाएगा। इसके जरिये निवेशकों को क्षेत्र में विकसित हो रहे औद्योगिक माहौल और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर बैकहो हादसा: अखिलेश ने वीडियो जारी कर दी सफाई, परिवार की मदद का भरोसा दिया

आयोजन में प्रदेश और देश के वरिष्ठ अधिकारियों, निवेशकों तथा औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। गीडा सीईओ विशाल कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समारोह का उद्देश्य औद्योगिक उपलब्धियों को सामने लाने के साथ पूर्वांचल में निवेश के अनुकूल माहौल को और मजबूत करना है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में किन्नर विवाद में युवक की हत्या, पत्नी घायल; 18 पर मुकदमा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।