गोरखपुर बैकहो हादसा: अखिलेश ने वीडियो जारी कर दी सफाई, परिवार की मदद का भरोसा दिया
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर बैकहो हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों का वीडियो जारी कर जवाब दिया। उन्होंने इसे निम्नस्तरीय राजनीति बताते हुए उच्चस्तरीय जांच और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद की मांग की।

HighLights
अखिलेश यादव ने गोरखपुर बैकहो हादसे पर वीडियो जारी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों को निम्नस्तरीय राजनीति बताया।
पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बैकहो लोडर की चपेट में आने से किशोर की मौत के मामले में गुरुवार की शाम सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वीडियो में घटनास्थल पर न कोई रोड शो दिखाई दे रहा है और न ही रैली। इसके बावजूद मुख्यमंत्री बिना किसी सबूत के दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।
अखिलेश ने इसे निम्नस्तरीय राजनीति बताते हुए हादसे की सर्वोच्च स्तरीय जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की।
अखिलेश ने एक्स पर लिखा कि किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से सभी आहत हैं। मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए लिखा कि पार्टी के लोगों को परिवार से मिलकर हरसंभव मदद करने के लिए कहा जा चुका है।
इस हादसे पर राजनीति करने वालों को लखनऊ अग्निकांड की घटना भी याद रखनी चाहिए, जिसमें एक युवा मृतक की दुखी मां के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी गई थी। शोक का नाटक करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर रोड शो हादसा: आर्यवर्धन की याद में बार-बार बेहोश हो रही मां, 'भइया कहां गए?' पूछ रहे मासूम भाई-बहन
अखिलेश ने कहा कि हादसे को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय बनाने से मृतक के शोकाकुल परिवार के साथ अन्याय हो रहा है। एक बच्चे को खोने का दुख उसके परिजन ही समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता दिखाने के बजाय राजनीति करने वाले लोग परिवार के दर्द को नहीं समझ सकते।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।