गोरखपुर रोड शो हादसा: आर्यवर्धन की याद में बार-बार बेहोश हो रही मां, 'भइया कहां गए?' पूछ रहे मासूम भाई-बहन
गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान बुलडोजर से हुई आर्यवर्धन की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया और इसे निर्मम हत्या बताया।

रोते बिलखते परिजन। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। हादसे में बड़े बेटे आर्यवर्धन को खोने वाली मां अर्चना सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बेटे को याद कर दहाड़े मारकर रोते-रोते बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। घर की अन्य महिलाएं उन्हें संभालने में जुटी हैं। छोटे भाई-बहन बार-बार घरवालों से पूछ रहे हैं कि भइया कहां गए?
मासूमों के इन सवालों को सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो जा रही हैं। आसपास के लोग पीड़ित परिवार को ढाढ़स बंधा रहे हैं। शाम को मुख्यमंत्री के जाने के बाद अर्चना की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। उन्हें इस हालत में देखकर उनकी देवरानी भी बेसुध हो गईं। चाचा की आंखों से आंसू थम नहीं रहे हैं। वहीं, पिता बेटे की याद में गमगीन हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश के रोड शो के बाद बैकहो लोडर का शिकार बने आर्यवर्धन सिंह (14 वर्ष) के घर पहुंचे। आर्यवर्धन के पिता भाजपा के संपर्क विभाग के जिला सह संयोजक हैं।
पीड़ित परिवार से योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस निर्मम कृत्य को करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक क्रांतिकारी के परिवार के सपूत को सपा के गुंड़ों ने मार डाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान बैकहो लोडर (बुलडोजर) की टक्कर से मारे गए किशोर के मामले में सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को गोरखपुर में प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने किशोर की मौत को निर्मम हत्या करार दिया।
यह भी पढ़ें- 'योगी हमारे अभिभावक हैं, न्याय जरूर मिलेगा', गोरखपुर रोड शो में गई छात्र की जान के बाद बोले परिजन
उन्होंने कहा कि मैंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ निकालें और उन्हें ऐसी कठोर सजा दिलाएं कि उनकी कई पीढ़ियां याद रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना पर माफिया पोषक मौन रहे और संवेदना का एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने पीड़ित परिवार से संवेदना जताई, कहा कि मैं शाम को परिवार से मिलूंगा।
योगी ने कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही ये गुंडे और माफिया बिना डंडे के सीधे नहीं होंगे। प्रदेश की सड़कें जनमानस के सुगम आवागमन के लिए बनी हैं, न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए। यदि किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने का दुस्साहस किया, तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।