'योगी हमारे अभिभावक हैं, न्याय जरूर मिलेगा', गोरखपुर रोड शो में गई छात्र की जान के बाद बोले परिजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आर्यवर्धन के परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने सपा के रोड शो में हुई इस घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
-1795140268134_m.webp)
आर्यवर्धन को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार को बंधाया ढांढस, सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में आर्यवर्धन के परिवार से मुलाकात की।
मृत्यु के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सपा के रोड शो घटना के लिए पार्टी की आलोचना की।
जितेन्द्र पाण्डेय, गोरखपुर। बेटे को खोने का गम और आंखों में इंसाफ की उम्मीद, गुरुवार शाम आवास विकास कालोनी झारखंडी स्थित ओंकार सिंह के आवास पर कुछ ऐसा ही माहौल था। शाम 6:03 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे तो परिवार के लोगों को ढाढ़स बंधाने के साथ न्याय का भरोसा भी दिया।
मुख्यमंत्री ने ओंकार सिंह के 14 वर्षीय दिवंगत पुत्र आर्यवर्धन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पिता, बाबा और चाचा से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने एसएसपी को मौके पर बुलाकर अब तक हुई कार्रवाई का ब्योरा मांगा और सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। वहीं पीड़ित परिवार ने कहा कि योगी हमारे अभिभावक है, हमें न्याय मिलने का पूरा भरोसा है।
बुधवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की चपेट में आने से आर्यवर्धन की मृत्यु हो गई थी। गुरुवार को टाउनहाल में भाजपा की जन चौपाल को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। बाहर बैठे पिता ओंकार सिंह और बाबा तहसीलदार सिंह को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस निर्मम कृत्य को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान उन्होंने एसएसपी से पूछा कि अब तक कितने आरोपित पकड़े गए हैं और कितनों की पहचान हुई है। उन्होंने सभी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। इसी बीच आर्यवर्धन के चाचा अनूप सिंह भी वहां पहुंच गए और दहाड़ मारकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि अगर चालक ने ब्रेक लगा दिया होता तो हमारा आर्यवर्धन बच जाता, उसकी जान नहीं जाती। मुख्यमंत्री ने उन्हें शांत कराते हुए आरोपितों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री घर के अंदर पहुंचे और आर्यवर्धन की मां अर्चना सिंह, चाची तथा परिवार की अन्य महिलाओं से मुलाकात की। उन्हें सांत्वना देते हुए घटना के बारे में जानकारी ली। मां ने कहा कि मेरा बाबू वहां छटपटा रहा था। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि बच्चे के साथ किया गया निर्मम कृत्य है। आरोपितों ने आर्यवर्धन को कुचलकर उसकी हत्या की है। आरोपितों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। करीब 15 मिनट तक परिवार के बीच रहने के बाद मुख्यमंत्री बाहर निकले और मीडिया से बातचीत की।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के गुंडों ने बुधवार को एक नाबालिग बच्चे को कुचलकर उसकी निर्मम हत्या की है। किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा। जिन्होंने यहां अराजकता पैदा कर भय और दहशत का माहौल बनाने का प्रयास किया है, उन सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 वर्षीय आर्यवर्धन हाईस्कूल का छात्र था और स्कूल से घर लौट रहा था। बैकहो लोडर से ठोकर लगने के बाद उसके ऊपर वाहन चढ़ा दिया गया।
मुख्यमंत्री ने आर्यवर्धन के परिवार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आर्यवर्धन चौरी चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक महत्वपूर्ण क्रांतिकारी परिवार का सदस्य था। ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले जिन 172 लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई थी, उनमें इस परिवार के बुजुर्ग भी शामिल थे। महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पैरवी से इन क्रांतिकारियों की फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदलवाने में सफलता मिली थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस परिवार ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया और लंबे समय तक जेल की यातनाएं सहीं, उसके सदस्य के साथ इस तरह की क्रूरता अक्षम्य है। पीड़ित परिवार के साथ प्रदेश सरकार खड़ी है। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के जाने के बाद ओंकार सिंह, उनके भाई अनूप सिंह और पिता तहसीलदार सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ उनके अभिभावक हैं। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। उनके सामने ही एसएसपी को बुलाकर मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के संबंध में पूछताछ की। परिवार ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि न्याय मिलेगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में CM योगी ने साधा निशाना- 'चुनाव आते ही निकले 4 साल तक चूहे की तरह बिलों में दुबके गुंडे'
सपा मुखिया और उनके गुंडों की हरकतों से ‘शर्म भी शर्मसार’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की हृदयविदारक घटना के संबंध में कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया के कृत्यों और उनके गुंडों की इस हरकत से ‘शर्म भी शर्मसार’ हो रही है। इन लोगों को इस प्रकार की कायराना हरकतों से शर्म नहीं आती है।
इन लोगों ने पहले प्रदेश को माफिया से त्रस्त करके तबाह किया और आज फिर से गर्मी चढ़ रही है। सीएम ने चेतावनी दी कि ये गुंडागर्दी यूपी के अंदर नहीं चलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुंडागर्दी, अराजकता, उद्दंडता समाजवादी पार्टी की पहचान है और इतिहास रहा है। कहा कि सड़कें चलने के लिए होती हैं, अराजकता पैदा करने के लिए नहीं।
परिवार को न्याय दिलाने के लिए साथ खड़ी है पूरी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना को लेकर मेरिट के आधार पर, कानून के दायरे में रह करके इन गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रशासन से कहा गया है। इसमें हम लोग हर स्तर पर जवाबदेही भी तय करेंगे और इन गुंडों की इन हरकतों को सही ढंग से सबक भी सिखाएंगे। जिसने भी मासूम को कुचलने की हिमाकत की है, उसको इसकी कीमत चुकानी होगी। परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी सरकार साथ खड़ी है। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।