विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुंबई के ठग ने पत्नी के संग मिलकर रची अपहरण की कहानी, पुलिस ने CCTV से खोला जालसाज का खेल

Published: Sun, 14 Sep 2025 08:00 AM (IST)

मुंबई के ठगी करने वाले एजेंट मोहम्मद इद्रीश शाह ने अपहरण की झूठी कहानी बनाकर सनसनी फैलाई। पत्नी ने अपहरण ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. मुंबई के ठग ने रची अपहरण की झूठी कहानी |
  2. पत्नी ने दर्ज कराई थी अपहरण की रिपोर्ट |
  3. कैसीनो में निवेश के नाम पर ठगी का आरोप |

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुंबई में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मार्केटिंग एजेंट मोहम्मद इद्रीश शाह ने अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर सनसनी फैला दी।पत्नी की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर रामगढ़ताल थाना पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि जिन लोगों से उसने रुपये लिए थे उन्हें लौटाने का झांसा देकर योजना के तहत उसने गोरखपुर बुलाया था। कहासुनी होने पर पत्नी ने अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। ताकि ठगी के शिकार लोगों पर दबाव बनाया जा सके। लेकिन पुलिस की जांच ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के वाटर वेस होटल, नौकायान में 10 सितंबर को इद्रीश ठहरा था। अगले दिन उसकी पत्नी अनुराधा नालासोपारा, मुंबई से गोरखपुर पहुंचीं और थाने में तहरीर दी कि उनके पति का अपहरण हो गया है।

उनका आरोप था कि होटल से पांच लोग अनिल पासवान, शैलेश कापकर, रन राय, जितिन पटेल और स्नेहल उनके पति को बाहर ले गए और फिर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो जान से मार देंगे।पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। मगर जैसे-जैसे तहकीकात आगे बढ़ी, कहानी उलटती चली गई। होटल के सीसी कैमरे का फुटेज देखा गया तो इद्रीश उन्हीं पांच लोगों के साथ आराम से जाते हुए दिखा।

पूछताछ में सामने आया कि ये सभी ठगी के शिकार पीड़ित थे, जिनसे इद्रीश ने करोड़ों रुपये ऐंठे थे। उन्हें गोरखपुर बुलाकर वह पैसे लौटाने का नाटक कर रहा था और फिर खुद को बचाने के लिए पत्नी से झूठी अपहरण रिपोर्ट दर्ज कराई।

जांच में यह भी पता चला कि इद्रीश लंबे समय से मार्केटिंग और निवेश के नाम पर लोगों को फंसाता रहा है। वह मोटे मुनाफे का लालच देकर रकम वसूलता और बाद में ठगी करके गायब हो जाता।गोरखपुर पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस को पत्र भेज मामले की जानकारी दी है।

नेपाल के कैसिनो में रुपये लगाने का देता है झांसा :

इंद्रीश से रुपये लेने मुंबई से आए लोगों ने पुलिस को बताया कि कैसिनो में रुपये लगाने और मुनाफा पाने का झांसा देकर उसने रुपये लिए थे। उन लोगों को वह नेपाल के कैसिनो में ले गया था जिसे अपना बताया था।

झांसे में आकर उन्होंने रुपये दे दिए जिसे लौटा नहीं रहा था। तीन दिन पहले उसने फोन कर रुपये लौटाने के लिए गोरखपुर बुलाया था। फंसाने के लिए उसकी पत्नी ने अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया।

- इद्रीश शाह मुंबई और आसपास के इलाकों में कई लोगों से ठगी कर चुका है। अब गोरखपुर में भी उसने नया खेल खेला, लेकिन पकड़ा गया। पुलिस केस में फाइनल रिपोर्ट लगाने की तैयारी कर रही है और महाराष्ट्र पुलिस को उसकी ठगी और नेटवर्क से जुड़ी जानकारी भेज दी गई है।- अभिनव त्यागी,एसपी सिटी