विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल से पूर्वांचल तक नकली दवाओं का जाल, गोरखपुर की थोक मंडी में बढ़ी चौकसी

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:17 AM (IST)

वाराणसी और हिमाचल में नकली दवा रैकेट के भंडाफोड़ के बाद गोरखपुर के दवा बाजारों में निगरानी बढ़ा दी गई है। यह गिरोह ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाएं बनाकर पूर्वांचल और बिहार में खपा रहा था, जिससे स्थानीय प्रशासन चिंतित है।

वाराणसी से हिमाचल तक फैला ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाएं बनाने वाला नेटवर्क। सांकेतिक तस्वीर

वाराणसी से हिमाचल तक फैला ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाएं बनाने वाला नेटवर्क। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. वाराणसी-हिमाचल में नकली दवा रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ।

  2. गोरखपुर के भालोटिया मार्केट में अब निगरानी बढ़ाई गई है।

  3. नकली दवाओं से बचने के लिए बिल, क्यूआर कोड जांचें।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। वाराणसी और हिमाचल प्रदेश में एसटीएफ व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त कार्रवाई में ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाएं बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ होने के बाद अब गोरखपुर में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पूर्वांचल और बिहार के बड़े हिस्से में दवाओं की आपूर्ति का मुख्य केंद्र माने जाने वाले शहर के भालोटिया मार्केट समेत प्रमुख थोक बाजारों में औषधि विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

वाराणसी में हुई जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए हैं, उन्होंने स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। गिरोह हिमाचल प्रदेश के सोलन (नालागढ़/बद्दी) स्थित अवैध इकाइयों में न्यूरोकाइंड-एलसी, पैन-40, क्लावम-625, एलेग्रा एम और टैक्सिम-ओ जैसी नामी कंपनियों की हूबहू पैकिंग में नकली दवाएं तैयार कर पूर्वांचल व बिहार के जिलों में खपा रहा था।

गोरखपुर की भौगोलिक स्थिति और यहां से बिहार व नेपाल सीमावर्ती जिलों में होने वाली सप्लाई को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि इस सिंडिकेट की खेप स्थानीय बाजारों तक भी पहुंची हो सकती है। औषधि विभाग अब संदिग्ध बैच नंबरों के आधार पर थोक एजेंसियों और ट्रांसपोर्ट नगर के गोदामों की जांच करने की तैयारी में है।

भारी छूट का छलावा:
हाल ही में अक्टूबर 2026 में भी शहर के बेतियाहाता, अलहदादपुर, जिला अस्पताल रोड और भालोटिया मार्केट की कुछ दुकानों पर दवाओं के एमआरपी पर 30 से 70 प्रतिशत तक की असामान्य छूट देने का मामला सामने आया था, जिसके बाद नकली व सब-स्टैंडर्ड दवाओं की बिक्री की आशंका में विभाग ने सैंपलिंग अभियान चलाया था।

केस 1-
जुलाई 2024 में न्यूरो से जुड़ी एक ब्रांडेड दवा के नकली होने की गोपनीय सूचना पर औषधि विभाग की टीम ने भालोटिया मार्केट में ताबड़तोड़ छापेमारी की थी। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध बैच का स्टाक खपा दिया गया था, जिससे मौके पर कुछ मिला नहीं, लेकिन इस घटना ने बाजार में नकली दवाओं की पैठ की पुष्टि कर दी थी।

केस 2-
अगस्त 2022 में ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने भालोटिया मार्केट के दवा व्यापारियों के ठिकानों पर छापा मारकर करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की अवैध व नशीली दवाओं का जखीरा बरामद किया था। इस मामले में व्यापारियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर कार्रवाई की गई थी।

यह भी पढ़ें- टाइपिंग में फेल होने पर भी रेलकर्मियों की नहीं जाएगी नौकरी, रेलवे क्लर्कों के लिए 2017 के नियम लागू

नकली दवाओं की स्ट्रिप पर अक्सर छपाई (प्रिंटिंग) में हल्की त्रुटि होती है या रंग मूल पैकिंग से थोड़ा भिन्न होता है। दवा खरीदते समय पक्का बिल जरूर लें, क्यूआर कोड स्कैन करें और बहुत अधिक छूट का लालच देने वाली दुकानों से दवा लेने में सावधानी बरतें। -आलोक चौरसिया, महामंत्री दवा विक्रेता समिति

यह भी पढ़ें- गोरखनाथ मंदिर में सिर्फ एक बार आईं मां सावित्री देवी, 'अजय' से 'योगी' और 'सीएम' बने बेटे की नई पारी पर गर्व से भर उठा था मन

वाराणसी और हिमाचल में पकड़े गए गिरोह द्वारा बनाई जा रही संदिग्ध दवाओं की स्थानीय स्तर पर निगरानी की जा रही है। भालोटिया मार्केट समेत जिले के प्रमुख थोक विक्रेताओं और कुरियर हब पर सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।

-

-श्रीधेश्वर शुक्ल, ड्रग इंस्पेक्टर, गोरखपुर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।