Eid 2023: गोरखपुर में छाई ईद की खुशियां, हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा त्योहार- तस्वीरों में देखें झलक
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक ईद की खुशियां छाई हैं। मस्जिदों में ईद की नमाज के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हैं। इस दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। तस्वीरों में देखें- त्योहार के उल्लास की झलक...

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर में ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सभी मस्जिदों व ईदगाहों के आसपास सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में खुशियां छाई हैं। घंटाघर स्थित जामा मस्जिद व मुबारक खां शहीद सहित सभी मस्जिदों में नमाज पढ़ने वाले लोगों की संख्या काफी अधिक है।
मुसलमानों में दिख रहा जबरदस्त उत्साह
खुशियों का त्योहार ईद अल्लाह की तरफ से अपने नेक बंदों के लिए बेहतरीन तोहफा है। अल्लाह की ओर से अपने रोजेदार बंदों को दिए गए इस खास तोहफे को लेकर मुसलमानों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। चांद दिखने का एलान के बाद लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। इंटरनेट मीडिया पर भी मुबारकबाद का सिलसिला जारी रहा। शनिवार को सुबह 6:45 बजे से ईद की नमाज शुरू हुई। अंतिम नमाज सुन्नी जामा मस्जिद सौदागार मोहल्ला बसंतपुर में सुबह 10:30 बजे अदा की जाएगी।
ईद की नमाज का समय
- चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर, बेलाल मस्जिद इमामबाड़ा अलहदादपुर, मस्जिद मियां साहब सैनिक विहार नंदानगर - 6:45 बजे
- मस्जिद जोहरा मौलवी चक बड़गो, मोती जामा मस्जिद अमरुतानीबाग रसूलपुर, खपड़े वाली मस्जिद अहमदनगर चक्शा हुसैन, दारोगा मस्जिद अफगानहाता - 7:00 बजे
- अहले बैत जामा मस्जिद पुराना गोरखपुर गोरखनाथ, नूर जामा मस्जिद चिलमापुर, नूरानी जामा मस्जिद कामरेड नगर, मस्जिद मुसम्मात नसीबन बीबी (कादरिया मस्जिद) निकट नखास चौक कोतवाली रोड, बेलाल जामा मस्जिद रसूलपुर भट्टा दरियाचक - 7:15 बजे
- जामा मस्जिद रसूलपुर, ईदगाह इमामबाड़ा इस्टेट मियां बाजार, गाजी मस्जिद गाजी रौजा, गाजिया मस्जिद बहरामपुर, मक्का मस्जिद मेवातीपुर, झरना टोला मस्जिद - 7:30 बजे
- मरकजी मदीना जामा मस्जिद रेती चौक, शाही जामा मस्जिद तकिया कवलदह, गौसिया जामा मस्जिद इस्लामिया नगर लीची वाला बाग - 7:45 बजे
- ईदगाह हजरत मुबारक खां शहीद नार्मल, गौसिया जामा मस्जिद छोटे काजीपुर, मस्जिद खादिम हुसैन तिवारीपुर, सुब्हानिया जामा मस्जिद तकिया कवलदह, मस्जिद जामेनूर जफर कालोनी बहरामपुर, सुन्नी बहादुरिया जामा मस्जिद रहमतनगर, फिरदौस जामा मस्जिद जमुनहियाबाग - 8:00 बजे
- मुकीम शाह जामा मस्जिद बुलाकीपुर - 8:15 बजे
- ईदगाह फतेहपुर मेडिकल कालेज, औलिया जामा मस्जिद घोसीपुरवा, ईदगाह बेनीगंज, ईदगाह सेहरा बाले का मैदान बहरामपुर, जामा मस्जिद उर्दू बाजार - 8:30 बजे
- अल मदीना सुन्नी जामा मस्जिद लतीफनगर कालोनी पादरी बाजार - 9:00 बजे
- सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफरा बाजार - 9:15 बजे
- शाही मस्जिद बसंतपुर सराय - 10:00 बजे
- सुन्नी जामा मस्जिद सौदागार मोहल्ला बसंतपुर - 10:30 बजे
बाजारों में होती रही देर रात तक खरीदारी
चांद के एलान के बाद मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में चांद रात का बाजार सज गया। खरीदारों की भीड़ का आलम यह था कि शाहमारूफ, रेती, उर्दू बाजार, घंटाघर एवं जाफरा बाजार में पैदल चलना तक मुश्किल था। देर रात तक लोग अपनी पसंद और जरूरत का सामान खरीदते रहे। कोई कपड़ा खरीद रहा था तो कोई सेवइयां, मेवा व खोवा। सबसे ज्यादा भीड़ सड़क की दोनों पटरियों पर लगी अस्थायी दुकानों पर थी।
रात बढ़ने के साथ ही सामान की कीमतें कम होती जा रही थीं। पुरुषों की भीड़ कुर्ता, इत्र, टोपी, रुमाल, पैंट- शर्ट, चप्पल तथा महिलाओं की सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भीड़ थी। सड़क की पटरियों पर सबसे ज्यादा चूड़ियों की दुकानें लगी थीं। रेती रोड से लेकर मदीना मस्जिद तक पैर रखने तक की जगह न थी। कमोबेश यही हाल जाफरा बाजार और गोरखनाथ क्षेत्र का भी था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।