Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gorakhpur: दहेज लोभियों ने शादी के पांच दिन पहले तोड़ा रिश्ता, मनुहार करने पर जान से मारने की धमकी देकर भगाया

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Sat, 13 May 2023 01:25 PM (IST)

    लड़की के पिता ने लड़के पक्ष पर आरोप लगाया है कि शादी से पहले लड़के वालों ने दहेज में तय 17 लाख रुपये एवं गाड़ी की रकम ले ली। शादी के लिए उन्होंने 6.50 लाख में रिजॉर्ट को बुक कराया और अब शादी से इनकार कर दिया।

    Hero Image
    दहेज के लिए लड़के पक्ष ने तोड़ा रिश्ता। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    गोरखपुर, जागरण संवाददाता। दहेज के लिए लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। पांच दिन पहले फोन कर लड़की के घरवालों को बताया कि बरात नहीं लाएंगे। परिवार के लोग मनुहार करते रहे लेकिन नहीं माने। एसएसपी के आदेश पर लड़का व उसके स्वजन पर मुकदमा दर्ज कर चिलुआताल थाना पुलिस जांच कर रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह है पूरा मामला

    गोरखनाथ क्षेत्र के विकासनगर, बरगदवा की रहने वाली लड़की की शादी चिलुआताल क्षेत्र के राप्तीनगर फेज-चार, रेल बिहार चौराहा निवासी प्रशांत उपाध्याय के साथ तय हुई थी। 19 जनवरी 2023 को शाहपुर क्षेत्र के एक होटल में सगाई हुई, जिसमें छह लाख रुपये खर्च हुए। 10 मई को शादी की तारीख तय हुई।

    लड़की के पिता का आरोप है कि शादी से पहले लड़के वालों ने दहेज में तय 17 लाख रुपये एवं गाड़ी की रकम ले ली। शादी के लिए उन्होंने 6.50 लाख में रिजॉर्ट को बुक कराया था। चार मई को लड़के पक्ष के लोगों ने शादी नहीं करने का मैसेज भेजवा दिया। पूछने पर बताया कि दूसरे लोग दहेज में 50 लाख रुपये दे रहे हैं। मनुहार करने पर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।

    दोस्तों संग बरात गए भैंसहा के युवक का मोर्चरी में मिला शव

    गगहा : क्षेत्र के भैंसहा निवासी भोला गुप्ता का शव लावारिस हालत में बीआरडी मेडिकल कालेज की मोर्चरी में मिला है, जबकि उसके स्वजन तीन दिन से उसे ढूंढ रहे थे। भोला अपने दोस्तों के साथ आठ मई को गांव की एक बरात में शामिल होने क्षेत्र के रेवडाडीह गया था। गुरुवार की शाम को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने गए स्वजन को वहां शव के बारे में जानकारी मिली। स्वजन की पहचान के बाद पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।

    मृत युवक के पिता धर्मानंद गुप्ता ने बताया कि उनका पुत्र एक ही बाइक पर दोस्तों के साथ गया था। उसके दोनों दोस्त वापस घर पहुंच गए। दोनों ने पूछताछ में भी कुछ नहीं बताया। परिजनों ने मृत्यु को संदिग्ध बताया है। उधर, पुलिस के अनुसार भोला को घायल हालत में सोमवार की रात सीएचसी कौड़ीराम ले जाया गया था, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी थी। शिनाख्त नहीं होने पर लावारिस हालत में मोर्चरी में भेज दिया गया था। गुरुवार की शाम पहचान हो जाने के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।