गोरखपुर का डोमिनगढ़ स्टेशन बनेगा शक्तिस्वरूपा का प्रतीक, नवरात्र तक कमान महिलाओं के हाथ
गोरखपुर का डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन पूरी तरह महिला संचालित मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां नवरात्र ...और पढ़ें

डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के केबिन में ईआइ सिस्टम पर कंप्यूटर के माउस से ट्रेन का प्वाइंट बनाती स्टेशन मास्टर कुमारी संजना। जागरण
HighLights
डोमिनगढ़ स्टेशन बनेगा पूर्वोत्तर रेलवे का दूसरा महिला संचालित स्टेशन।
स्टेशन मास्टर से लेकर सुरक्षा तक, सभी जिम्मेदारी महिलाएं संभालेंगी।
महिला सशक्तिकरण और सुरक्षित कार्यस्थल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।
प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन के केबिन में इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग (ईआइ) सिस्टम पर कंप्यूटर के माउस से ट्रेन का प्वाइंट बनाती स्टेशन मास्टर कुमारी संजना के चेहरे पर आत्मविश्वास झलक रहा है। ट्रेनों का सुरक्षित और समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करने जैसा चुनौतीपूर्ण कार्य वह पूरे उत्साह के साथ से निभा रही हैं।
रेलवे सुरक्षा बल की महिला कांस्टेबल सोनम राय स्टेशन पर यात्रियों को सहेजने में अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। काउंटर पर बैठी मनीषा सिंह यात्रियों को समय से टिकट उपलब्ध करा रही हैं। डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन को महिला संचालित माडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
महिला कर्मचारी डोमिनगढ़ स्टेशन की जिम्मेदारी संभालने लगी हैं। नवरात्र में दशहरा तक स्टेशन की कमान महिलाओं के हाथ आ जाएगी। स्टेशन की पूरी जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों की को समर्पित करने की तैयारी चल रही है। जल्द ही तिथि की भी घोषणा कर दी जाएगी।
डोमिनगढ़ स्टेशन पर स्टेशन मास्टर, बुकिंग क्लर्क, सुरक्षा बल ही नहीं महिला प्वाइंटमैन अमृता समेत करीब 15 महिला कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। आवश्यकतानुसार और महिलाकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

ट्रेन संचालन से लेकर टिकट व्यवस्था, सुरक्षा और सफाई तक की जिम्मेदारी संभाल रही महिला कर्मियों का कहना है कि डोमिनगढ़ स्टेशन हमारे लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि अपनी क्षमता साबित करने का अवसर है। परिवार और नौकरी के बीच संतुलन बनाते हुए हम यह संदेश देना चाहती हैं कि महिलाएं हर जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभा सकती हैं। यहां हमें हर दिन कुछ नया सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर मिलता है। हमारा प्रयास है कि अपने कार्य से अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनें।

रेलवे प्रशासन का लक्ष्य डोमिनगढ़ स्टेशन को एक सुरक्षित, आधुनिक, यात्री-अनुकूल और पूर्णतः महिला-संचालित स्टेशन के रूप में विकसित करना है। डोमिनगढ़ स्टेशन का यह न केवल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, बल्कि रेलवे के समावेशी और सुरक्षित कार्यस्थल के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगा।
