सूखे की स्थिति से तीन दिन के भीतर शासन को अवगत कराएं डीएम: कृषि मंत्री
सूखे को देखते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात के बाद प्रदेश में 30864 सोलर पंप लगाए जाएंगे।
सूखे की स्थिति से तीन दिन के भीतर शासन को अवगत कराएं डीएम: कृषि मंत्री
देवरिया: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जनपद में सूखे की उत्पन्न स्थिति पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि कृषि व राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी फील्ड का सर्वेक्षण करें। प्रभावित फसलों का सर्वे रिपोर्ट व फोटोग्राफ्स डीएम को उपलब्ध कराएंगे। डीएम तीन दिन के भीतर वर्तमान परिस्थिति से शासन को अवगत कराएंगे। जिसके बाद सरकार निर्णय लेगी।
वह सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारवार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 हजार सोलर पंप स्वीकृत था, लेकिन सूखे को देखते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात के बाद प्रदेश में 30864 सोलर पंप लगाए जाएंगे। किसानों को 40 प्रतिशत अंशदान देना होगा। जबकि राज्य व केंद्र सरकार 30-30 प्रतिशत अनुदान देगी। जनपद के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी नहरों में हेड से लेकर टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था करें। इसके लिए नहरों का भ्रमण भी करें। बिजली विभाग को राजकीय व निजी नलकूपों को 15-15 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राजकीय नलकूपों के मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल फाल्ट को 36 घंटे के भीतर सही कराएं। जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित न हो। जिन जगहों पर सूखे के कारण खेतों की बोआई नहीं संभव हो सकी है या फसल नुकसान होने की स्थिति है। वहां वैकल्पिक फसलों की बोआई के लिए सर्वेक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश कृषि विभाग को दिया गया है। ताकि सितंबर महीने में वैकल्पिक फसलों की बोआई संभव हो सके। प्रदेश में पीएम किसान सम्मान निधि का एक केवाइसी कराई जा रही है। प्रदेश के भीतर 2.60 करोड़ किसानों को 48 हजार 500 करोड़ रुपये की धनराशि की 11वीं किस्त दी गई है। एक केवाइसी के माध्यम से आधार कार्ड को जोड़ा जा रहा है। साथ साथ ही स्वामित्व के अभिलेखों के साथ सीडिंग की जा रही है। यदि अभिलेख व आधार कार्ड किसान नहीं लगाएंगे तो अगली किस्त मिलने में कठिनाई होगी। प्रदेश के किसान प्राथमिकता के आधार पर इन अभिलेखों को लगाएं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।